### SB 1.1.9

> तत्र तत्राञ्जसायुष्मन् भवता यद्विनिश्चितम् ।\
> पुंसामेकान्ततः श्रेयस्तन्नः शंसितुमर्हसि ॥ ९ ॥

*तत्र*—उनमें से; *तत्र*—उनमें से; *अञ्जसा*—सरल बनाया गया; *आयुष्मन्*—दीर्घ आयु से आशीर्वादित; *भवता*—आपश्री द्वारा; *यत्*—जो कुछ; *विनिश्चितम्*—निश्चित किया गया; *पुंसाम्*—सामान्य जनता के लिए; *एकान्ततः*—पूर्णतः; *श्रेयः*—परम कल्याण; *तत्*—वह; *नः*—हमें; *शंसितुम्*—समझाने के लिए; *अर्हसि*—आप योग्य हैं।

**अतः, दीर्घायु के आशीर्वाद से युक्त होकर, कृपया हमें वह समझाइए, जिसे आपने सर्वसाधारण के लिए परम तथा चरम *कल्याण* निश्चित किया है।**

भगवद्गीता में आचार्य की पूजा की संस्तुति की गई है। आचार्यगण तथा गोस्वामीजन सदा सर्वसाधारण के हितैषी होते हैं। वे विशेष रूप से आध्यात्मिक हितैषी होते हैं। आध्यात्मिक कल्याण के पीछे भौतिक कल्याण अपने आप चला आता है। अतएव आचार्यगण सर्वसाधारण को आध्यात्मिक कल्याण का निर्देश देते हैं। कलह के इस कलियुग अर्थात् लौह युग के लोगों की अक्षमताओं को पहले से देखते हुए ऋषियों ने सूत गोस्वामी से समस्त प्रकट शास्त्रों का सार देने की प्रार्थना की, क्योंकि इस युग के लोग सभी दृष्टियों से अभिशप्त हैं। अतः ऋषियों ने उस परम कल्याण के विषय में पूछा, जो लोगों के लिए चरम कल्याण है। इस युग के लोगों की अभिशप्त दशा का वर्णन आगे इस प्रकार किया गया है।
