### SB 1.4.2

> शौनक उवाच\
> सूत सूत महाभाग वद नो वदतां वर ।\
> कथां भागवतीं पुण्यां यदाह भगवाञ्छुकः ॥ २ ॥

*शौनकः*—शौनक; *उवाच*—कहा; *सूत सूत*—हे सूत गोस्वामी; *महा-भाग*—परम सौभाग्यशाली; *वद*—कृपया कहें; *नः*—हमसे; *वदताम्*—बोलने वालों में; *वर*—आदरणीय; *कथाम्*—सन्देश; *भागवतीम्*—भागवत का; *पुण्याम्*—पवित्र; *यत्*—जो; *आह*—कहा; *भगवान्*—महान् शक्तिशाली; *शुकः*—श्री शुकदेव गोस्वामी।

**शौनक ने कहा: हे सूत गोस्वामी! आप उन सबमें सर्वाधिक भाग्यशाली और सम्मानित हैं जो बोल और वाचन कर सकते हैं। कृपया श्रीमद्भागवत का वह पवित्र सन्देश सुनाइए, जो महाशक्तिशाली ऋषि शुकदेव गोस्वामी ने कहा था।**

श्रील शौनक गोस्वामी ने यहाँ सूत गोस्वामी को अत्यन्त हर्ष के साथ दो बार सम्बोधित किया, क्योंकि वे और सभा के सदस्य शुकदेव गोस्वामी के मुख से उच्चारित भागवत-पाठ सुनने के लिए उत्सुक थे। उन्हें किसी ऐसे मिथ्या व्यक्ति से सुनने में रुचि नहीं थी जो अपने उद्देश्य के अनुकूल अपनी ही व्याख्या करे। सामान्यतः तथाकथित भागवत-वाचक या तो व्यावसायिक पाठक होते हैं, या ऐसे तथाकथित विद्वान् निर्विशेषवादी जो पूर्ण पुरुष की दिव्य व्यक्तिगत लीलाओं में प्रवेश नहीं कर सकते। ऐसे निर्विशेषवादी भागवत में से कुछ अर्थ निकालते हैं जो अपने निर्विशेष मतों को अनुकूल और समर्थित करे, और व्यावसायिक पाठक तत्काल दशम स्कन्ध में पहुँच जाते हैं और भगवान् की लीलाओं के सर्वाधिक गोपनीय भाग की भ्रान्त व्याख्या करते हैं। ये दोनों वाचक भागवत के पाठ के लिए प्रामाणिक व्यक्ति नहीं हैं। केवल वही व्यक्ति जो शुकदेव गोस्वामी के प्रकाश में भागवत प्रस्तुत करने के लिए तत्पर हो, और केवल वे ही जो शुकदेव गोस्वामी और उनके प्रतिनिधि से सुनने के लिए तत्पर हों, श्रीमद्भागवत की दिव्य चर्चा में प्रामाणिक सहभागी हैं।
