### SB 1.5.34

> एवं नृणां क्रियायोगाः सर्वे संसृतिहेतवः ।\
> त एवात्मविनाशाय कल्पन्ते कल्पिताः परे ॥ ३४ ॥

*एवम्*—इस प्रकार; *नृणाम्*—मनुष्य के; *क्रिया-योगाः*—समस्त क्रियाएँ; *सर्वे*—प्रत्येक वस्तु; *संसृति*—भौतिक अस्तित्व; *हेतवः*—कारण; *ते*—वे; *एव*—निश्चय ही; *आत्म*—कर्म का वृक्ष; *विनाशाय*—नष्ट करने में; *कल्पन्ते*—समर्थ हो जाती हैं; *कल्पिताः*—समर्पित; *परे*—दिव्यता को।

**इस प्रकार जब मनुष्य के समस्त कर्म भगवान् की सेवा में समर्पित हो जाते हैं, तो वही कर्म, जिन्होंने उसका बन्धन उत्पन्न किया था, कर्म-वृक्ष के विनाशक बन जाते हैं।**

जिस सकाम कर्म में जीव निरन्तर लगा रहा है, उसकी तुलना भगवद्गीता में वटवृक्ष से की गई है, क्योंकि उसकी जड़ें निश्चय ही बहुत गहरी हैं। जब तक कर्मफल भोगने की प्रवृत्ति विद्यमान है, तब तक मनुष्य को अपने कर्म की प्रकृति के अनुसार एक शरीर या स्थान से दूसरे में आत्मा का देहान्तरण जारी रखना पड़ता है। भोग की इस प्रवृत्ति को भगवान् के व्रत-कार्य की सेवा की इच्छा में बदला जा सकता है। ऐसा करने से मनुष्य का कर्म कर्मयोग में परिणत हो जाता है, अर्थात् वह मार्ग जिससे मनुष्य उस कार्य में लगे रहते हुए भी, जिसके प्रति उसकी स्वाभाविक प्रवृत्ति है, आध्यात्मिक सिद्धि प्राप्त कर सकता है। यहाँ *आत्मा* शब्द समस्त सकाम कर्म की श्रेणियों का सूचक है। निष्कर्ष यह है कि जब समस्त सकाम और अन्य कर्मों का फल भगवान् की सेवा से जुड़ जाता है, तो वह आगे कर्म उत्पन्न करना बन्द कर देगा और क्रमशः दिव्य भक्ति में विकसित हो जाएगा, जो न केवल कर्म रूपी वटवृक्ष की जड़ को पूर्णतः काट देगी, अपितु कर्ता को भगवान् के चरणकमलों तक भी पहुँचा देगी।

सारांश यह है कि मनुष्य को सबसे पहले उन शुद्ध भक्तों का संग खोजना होगा, जो न केवल वेदान्त के विद्वान हैं, अपितु आत्म-साक्षात्कारी आत्माएँ और पुरुषोत्तम भगवान् श्रीकृष्ण के अनन्य भक्त भी हैं। उस संग में नवदीक्षित भक्तों को बिना किसी संकोच के तन और मन से प्रेममयी सेवा करनी चाहिए। यह सेवा-भाव उन महात्माओं को अपनी कृपा प्रदान करने में और अधिक अनुकूल बनाएगा, जो नवदीक्षित में शुद्ध भक्तों के समस्त दिव्य गुणों का संचार करती है। क्रमशः यह भगवान् की दिव्य लीलाओं के श्रवण के प्रति दृढ़ अनुराग में विकसित होता है, जो उसे स्थूल और सूक्ष्म शरीरों की स्वरूपगत स्थिति, और उनसे परे शुद्ध आत्मा का ज्ञान तथा परमात्मा — पुरुषोत्तम भगवान् — के साथ उसके नित्य सम्बन्ध को समझने में समर्थ बनाता है। नित्य सम्बन्ध की स्थापना से सम्बन्ध सुनिश्चित हो जाने पर भगवान् की शुद्ध भक्ति क्रमशः पुरुषोत्तम भगवान् के उस पूर्ण ज्ञान में विकसित होने लगती है, जो निराकार ब्रह्म और अन्तर्यामी परमात्मा की परिधि से परे है। ऐसे पुरुषोत्तम-योग से, जैसा भगवद्गीता में कहा गया है, मनुष्य इसी वर्तमान शरीर के रहते भी पूर्ण बन जाता है और उच्चतम प्रतिशत में भगवान् के समस्त सद्गुण प्रदर्शित करता है। ऐसा है शुद्ध भक्तों के संग से होने वाला क्रमिक विकास।
