### SB 1.7.1

> शौनक उवाच\
> निर्गते नारदे सूत भगवान् बादरायणः ।\
> श्रुतवांस्तदभिप्रेतं ततः किमकरोद्विभुः ॥ १ ॥

*शौनकः*—श्री शौनक; *उवाच*—ने कहा; *निर्गते*—चले जाने पर; *नारदे*—नारद मुनि; *सूत*—हे सूत; *भगवान्*—दिव्य रूप से शक्तिसम्पन्न; *बादरायणः*—वेदव्यास; *श्रुतवान्*—जिन्होंने सुना; *तत्*—उनकी; *अभिप्रेतम्*—मन की इच्छा; *ततः*—तत्पश्चात्; *किम्*—क्या; *अकरोत्*—उन्होंने किया; *विभुः*—वह महान्।

**ऋषि शौनक ने पूछा : हे सूत, महान् तथा दिव्य शक्ति-सम्पन्न व्यासदेव ने श्री नारद मुनि से सब कुछ सुना। अतः उनके प्रस्थान के पश्चात् उन्होंने क्या किया?**

इस अध्याय में श्रीमद्भागवत के वर्णन का सूत्र वहाँ से उठाया गया है, जहाँ महाराज परीक्षित अपनी माता के गर्भ में चमत्कारिक रूप से बचाए जाते हैं। इसका कारण बने आचार्य द्रोण के पुत्र द्रौणि (अश्वत्थामा), जिन्होंने द्रौपदी के पाँचों पुत्रों को सोते समय मार डाला, जिसके लिए अर्जुन ने उन्हें दण्डित किया। महान् महाकाव्य श्रीमद्भागवत का आरम्भ करने से पूर्व श्री व्यासदेव ने भक्तिमय समाधि द्वारा सम्पूर्ण सत्य का साक्षात्कार किया।
