### SB 1.7.27

> श्रीभगवानुवाच\
> वेत्थेदं द्रोणपुत्रस्य ब्राह्ममस्त्रं प्रदर्शितम् ।\
> नैवासौ वेद संहारं प्राणबाध उपस्थिते ॥ २७ ॥

*श्री-भगवान्*—पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान्; *उवाच*—कहा; *वेत्थ*—मुझसे जान लो; *इदम्*—यह; *द्रोण-पुत्रस्य*—द्रोण के पुत्र का; *ब्राह्मम् अस्त्रम्*—ब्राह्म (आणविक) शस्त्र के मन्त्र; *प्रदर्शितम्*—प्रदर्शित किए गए; *न*—नहीं; *एव*—भी; *असौ*—वह; *वेद*—जानता है; *संहारम्*—प्रत्याहरण; *प्राण-बाधे*—प्राणों के विनाश; *उपस्थिते*—समीप होने पर।

**पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् ने कहा : मुझसे जान लो कि यह द्रोण के पुत्र का कृत्य है। उसने आणविक ऊर्जा के मन्त्र [ब्रह्मास्त्र] छोड़े हैं, और वह इस तेज को वापस लेने की विधि नहीं जानता। उसने आसन्न मृत्यु से भयभीत होकर विवशतावश यह किया है।**

ब्रह्मास्त्र परमाणु-ऊर्जा से संचालित आधुनिक नाभिकीय अस्त्र के सदृश है। परमाणु-ऊर्जा पूर्ण दहनशीलता पर कार्य करती है, और ब्रह्मास्त्र भी इसी प्रकार कार्य करता है। यह परमाणु-विकिरण के समान असहनीय ताप उत्पन्न करता है, किन्तु अन्तर यह है कि परमाणु बम स्थूल प्रकार का नाभिकीय अस्त्र है, जबकि ब्रह्मास्त्र मन्त्रोच्चारण द्वारा उत्पन्न सूक्ष्म प्रकार का अस्त्र है। यह एक भिन्न विज्ञान है, और गत युगों में इस विज्ञान की साधना भारतवर्ष की भूमि में होती थी। मन्त्रोच्चारण का सूक्ष्म विज्ञान भी भौतिक ही है, किन्तु आधुनिक भौतिक वैज्ञानिकों को इसका ज्ञान अभी तक नहीं हो पाया है। सूक्ष्म भौतिक विज्ञान आध्यात्मिक नहीं है, किन्तु उसका सीधा सम्बन्ध आध्यात्मिक विधि से है, जो उससे भी सूक्ष्मतर है। मन्त्रोच्चारण करने वाला जानता था कि अस्त्र का प्रयोग कैसे किया जाए और उसे वापस कैसे लिया जाए। यही पूर्ण ज्ञान था। किन्तु द्रोणाचार्य का पुत्र, जिसने इस सूक्ष्म विज्ञान का उपयोग किया, उसे वापस लेना नहीं जानता था। उसने अपनी आसन्न मृत्यु के भय से इसका प्रयोग किया, अतः उसका यह आचरण न केवल अनुचित था, अपितु अधार्मिक भी था। ब्राह्मण-पुत्र के रूप में उसे इतनी भूलें नहीं करनी चाहिए थीं, और कर्तव्य की ऐसी घोर अवहेलना के लिए उसे स्वयं भगवान् द्वारा दण्डित होना था।
