### SB 1.7.49

> सूत उवाच\
> धर्म्यं न्याय्यं सकरुणं निर्व्यलीकं समं महत् ।\
> राजा धर्मसुतो राज्ञ्याः प्रत्यनन्दद्वचो द्विजाः ॥ ४९ ॥

*सूतः उवाच*—सूत गोस्वामी ने कहा; *धर्म्यम्*—धर्म के सिद्धान्तों के अनुरूप; *न्याय्यम्*—न्याय; *स-करुणम्*—करुणा से पूर्ण; *निर्व्यलीकम्*—धर्म में कपट से रहित; *समम्*—समता; *महत्*—गौरवशाली; *राजा*—राजा; *धर्म-सुतः*—पुत्र; *राज्ञ्याः*—रानी द्वारा; *प्रत्यनन्दत्*—समर्थन किया; *वचः*—कथनों का; *द्विजाः*—हे ब्राह्मणो।

**सूत गोस्वामी ने कहा : हे ब्राह्मणो! राजा युधिष्ठिर ने रानी के वचनों का पूर्ण समर्थन किया, जो धर्म के सिद्धान्तों के अनुकूल थे तथा न्यायसंगत, यशस्वी, दया और समता से पूर्ण एवं कपटरहित थे।**

धर्मराज अर्थात् यमराज के पुत्र महाराज युधिष्ठिर ने रानी द्रौपदी के उन वचनों का पूर्ण समर्थन किया, जिनमें उन्होंने अर्जुन से अश्वत्थामा को छोड़ देने का अनुरोध किया था। किसी महान कुल के सदस्य का अपमान सहन नहीं किया जाना चाहिए। अर्जुन तथा उनका परिवार द्रोणाचार्य के कुल के ऋणी थे, क्योंकि अर्जुन ने उनसे सैन्य-विज्ञान की शिक्षा पाई थी। ऐसे उपकारी कुल के प्रति यदि कृतघ्नता दिखाई जाती, तो वह नैतिक दृष्टि से किसी भी प्रकार उचित न होती। द्रोणाचार्य की पत्नी, जो उस महात्मा की अर्धांगिनी थीं, उनके साथ करुणा का व्यवहार किया जाना चाहिए, और पुत्र की मृत्यु के कारण उन्हें शोक में नहीं डालना चाहिए। यही करुणा है। द्रौपदी के ऐसे वचन कपटरहित हैं, क्योंकि कर्म पूर्ण ज्ञान के साथ किये जाने चाहिए। समता का भाव इसलिए था कि द्रौपदी ने अपने निजी अनुभव के आधार पर कहा था। बाँझ स्त्री माता के शोक को नहीं समझ सकती। द्रौपदी स्वयं माता थीं, अतः कृपी के शोक की गहराई का उनका अनुमान सर्वथा यथार्थ था। और यह यशस्वी इसलिए था कि वे एक महान कुल के प्रति उचित सम्मान प्रकट करना चाहती थीं।
