### SB 1.8.26

> जन्मैश्वर्यश्रुतश्रीभिरेधमानमदः पुमान् ।\
> नैवार्हत्यभिधातुं वै त्वामकिञ्चनगोचरम् ॥ २६ ॥

*जन्म*—जन्म; *ऐश्वर्य*—ऐश्वर्य; *श्रुत*—शिक्षा; *श्रीभिः*—सौन्दर्य के अधिकार से; *एधमान*—उत्तरोत्तर बढ़ते हुए; *मदः*—मद; *पुमान्*—मनुष्य; *न*—कभी नहीं; *एव*—कभी भी; *अर्हति*—योग्य होता है; *अभिधातुम्*—भावपूर्वक सम्बोधित करने का; *वै*—निश्चय ही; *त्वाम्*—आपको; *अकिञ्चन-गोचरम्*—जिन तक भौतिक रूप से रिक्त मनुष्य सरलता से पहुँचता है।

**हे मेरे प्रभु! आप तक सरलता से पहुँचा जा सकता है, किन्तु केवल उन्हीं के द्वारा जो भौतिक दृष्टि से रिक्त हो चुके हैं। जो [भौतिक] प्रगति के पथ पर है और सम्मानित कुल, महान ऐश्वर्य, उच्च शिक्षा तथा शारीरिक सौन्दर्य से अपने आपको बढ़ाने का प्रयत्न कर रहा है, वह सच्ची भावना से आपके निकट नहीं पहुँच सकता।**

भौतिक दृष्टि से उन्नत होने का अर्थ है कुलीन परिवार में जन्म लेना, विशाल धन, शिक्षा तथा आकर्षक शारीरिक सौन्दर्य का स्वामी होना। सभी भौतिकतावादी मनुष्य इन समस्त भौतिक ऐश्वर्यों को पाने के लिए पागल रहते हैं, और इसी को भौतिक सभ्यता की प्रगति कहा जाता है। किन्तु परिणाम यह होता है कि इन समस्त भौतिक सम्पत्तियों को पाकर मनुष्य कृत्रिम रूप से अहंकारग्रस्त हो जाता है, ऐसी क्षणभंगुर सम्पदाओं के मद में चूर। फलतः ऐसे भौतिक दृष्टि से दर्पयुक्त व्यक्ति "हे गोविन्द, हे कृष्ण" कहकर भावपूर्वक भगवान् के पवित्र नाम का उच्चारण करने में असमर्थ होते हैं। शास्त्रों में कहा गया है कि भगवान् के पवित्र नाम के एक बार उच्चारण से पापी उतने पापों से छुटकारा पा जाता है, जितने वह कर भी नहीं सकता। भगवान् के पवित्र नाम के उच्चारण की ऐसी शक्ति है। इस कथन में लेशमात्र भी अतिशयोक्ति नहीं है। वस्तुतः भगवान् के पवित्र नाम में ऐसी प्रबल शक्ति है। किन्तु ऐसे उच्चारण की एक गुणवत्ता भी होती है। वह भाव की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। असहाय मनुष्य भावपूर्वक भगवान् के पवित्र नाम का उच्चारण कर सकता है, जबकि जो मनुष्य भारी भौतिक सन्तोष में उसी पवित्र नाम का उच्चारण करता है, वह उतना निष्कपट नहीं हो सकता। अतः भौतिक दृष्टि से दर्पयुक्त व्यक्ति यदा-कदा भगवान् के पवित्र नाम का उच्चारण भले ही कर ले, किन्तु वह गुणवत्ता के साथ नाम का उच्चारण करने में असमर्थ होता है। अतएव भौतिक प्रगति के चार सिद्धान्त — अर्थात् 1) उच्च कुल, 2) पर्याप्त धन, 3) उच्च शिक्षा, और 4) आकर्षक सौन्दर्य आदि — आध्यात्मिक उन्नति के पथ पर प्रगति के लिए मानो अयोग्यताएँ हैं। शुद्ध आत्मा का भौतिक आवरण एक बाह्य लक्षण है, ठीक वैसे ही जैसे ज्वर अस्वस्थ शरीर का बाह्य लक्षण है। सामान्य उपचार यह है कि ज्वर की मात्रा घटाई जाये, न कि कुप्रबन्ध से उसे और बढ़ाया जाये। कभी-कभी देखा जाता है कि आध्यात्मिक दृष्टि से उन्नत व्यक्ति भौतिक दृष्टि से निर्धन हो जाते हैं। यह निराशा की बात नहीं है। इसके विपरीत, ऐसी निर्धनता एक शुभ लक्षण है, जैसे ताप का उतरना एक शुभ लक्षण है। जीवन का सिद्धान्त यह होना चाहिए कि भौतिक मद की मात्रा घटाई जाये, जो मनुष्य को जीवन के लक्ष्य के विषय में अधिकाधिक मोहग्रस्त करता है। घोर मोहग्रस्त व्यक्ति भगवद्धाम में प्रवेश के सर्वथा अयोग्य हैं।
