### SB 1.8.28

> मन्ये त्वां कालमीशानमनादिनिधनं विभुम् ।\
> समं चरन्तं सर्वत्र भूतानां यन्मिथः कलिः ॥ २८ ॥

*मन्ये*—मैं मानती हूँ; *त्वाम्*—आपको; *कालम्*—नित्य काल; *ईशानम्*—परमेश्वर; *अनादि-निधनम्*—आदि एवं अन्त से रहित; *विभुम्*—सर्वव्यापी; *समम्*—समान रूप से कृपालु; *चरन्तम्*—वितरित करते हुए; *सर्वत्र*—सर्वत्र; *भूतानाम्*—जीवों के; *यत् मिथः*—आपसी सम्बन्ध से; *कलिः*—कलह।

**हे मेरे प्रभु! मैं आपको नित्य काल, परम नियन्ता, आदि एवं अन्त से रहित, सर्वव्यापी मानती हूँ। अपनी कृपा वितरित करने में आप सबके प्रति समान हैं। जीवों के मध्य कलह सामाजिक सम्बन्ध के कारण है।**

कुन्तीदेवी जानती थीं कि कृष्ण न तो उनके भतीजे थे और न उनके पितृगृह के कोई साधारण पारिवारिक सदस्य। वे भली-भाँति जानती थीं कि कृष्ण वे आदि भगवान् हैं, जो परमात्मा रूप में प्रत्येक के हृदय में निवास करते हैं। भगवान् के परमात्मा स्वरूप का एक अन्य नाम काल है, अर्थात् नित्य समय। नित्य समय हमारे समस्त अच्छे-बुरे कर्मों का साक्षी है, और इस प्रकार उसके फलस्वरूप होने वाली प्रतिक्रियाएँ उन्हीं के द्वारा निर्धारित होती हैं। यह कहना व्यर्थ है कि हम नहीं जानते कि हम क्यों और किसलिए कष्ट भोग रहे हैं। हम उस दुष्कर्म को भूल सकते हैं जिसके कारण हम इस वर्तमान क्षण में कष्ट भोग रहे हों, किन्तु हमें स्मरण रखना चाहिए कि परमात्मा हमारे नित्य संगी हैं, अतः वे सब कुछ जानते हैं — भूत, वर्तमान और भविष्य। और चूँकि भगवान् कृष्ण का परमात्मा स्वरूप समस्त कर्मों और प्रतिक्रियाओं को निर्धारित करता है, अतः वे परम नियन्ता भी हैं। उनकी अनुमति के बिना घास का एक तिनका भी नहीं हिल सकता। जीवों को उतनी ही स्वतन्त्रता दी जाती है, जितने के वे पात्र हैं, और उस स्वतन्त्रता का दुरुपयोग ही कष्ट का कारण है। भगवान् के भक्त अपनी स्वतन्त्रता का दुरुपयोग नहीं करते, अतएव वे भगवान् के सुपुत्र हैं। अन्य, जो स्वतन्त्रता का दुरुपयोग करते हैं, नित्य काल द्वारा निर्धारित कष्टों में डाल दिये जाते हैं। काल बद्धजीवों को सुख और दुःख दोनों प्रदान करता है। यह सब नित्य काल द्वारा पूर्वनिर्धारित है। जिस प्रकार बिना बुलाये हम पर दुःख आ पड़ते हैं, उसी प्रकार बिना माँगे हमें सुख भी मिल सकता है, क्योंकि ये सब काल द्वारा पूर्वनिर्धारित हैं। अतः कोई भी न तो भगवान् का शत्रु है, न मित्र। प्रत्येक व्यक्ति अपने ही भाग्य का फल भोग रहा है। यह भाग्य जीव सामाजिक व्यवहार के क्रम में स्वयं बनाते हैं। यहाँ प्रत्येक व्यक्ति भौतिक प्रकृति पर प्रभुत्व जताना चाहता है, और इस प्रकार प्रत्येक व्यक्ति परमेश्वर की देखरेख में अपना भाग्य स्वयं रचता है। वे सर्वव्यापी हैं, अतः वे सबके कार्यकलाप देख सकते हैं। और चूँकि भगवान् का न आदि है न अन्त, अतः वे नित्य समय, काल के नाम से भी जाने जाते हैं।
