### SB 1.8.35

> भवेऽस्मिन् क्लिश्यमानानामविद्याकामकर्मभिः ।\
> श्रवणस्मरणार्हाणि करिष्यन्निति केचन ॥ ३५ ॥

*भवे*—भौतिक सृष्टि में; *अस्मिन्*—इस; *क्लिश्यमानानाम्*—जो पीड़ित हैं उनके; *अविद्या*—अज्ञान; *काम*—इच्छा; *कर्मभिः*—सकाम कर्म के सम्पादन द्वारा; *श्रवण*—श्रवण; *स्मरण*—स्मरण; *अर्हाणि*—आराधना; *करिष्यन्*—सम्पन्न कर सकते हैं; *इति*—इस प्रकार; *केचन*—अन्य।

**और फिर भी अन्य कहते हैं कि आप श्रवण, स्मरण, आराधना आदि की भक्ति को पुनर्जीवित करने हेतु प्रकट हुए, जिससे भौतिक पीड़ाओं से दुःखी बद्धजीव लाभ उठा सकें और मुक्ति प्राप्त कर सकें।**

श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान् दृढ़तापूर्वक कहते हैं कि वे धर्म के मार्ग को पुनः स्थापित करने हेतु ही प्रत्येक युग में प्रकट होते हैं। धर्म का मार्ग परमेश्वर द्वारा बनाया गया है। कोई भी धर्म का कोई नया पथ नहीं गढ़ सकता, जैसा कि कुछ महत्त्वाकांक्षी व्यक्तियों की प्रवृत्ति है। धर्म का वास्तविक मार्ग यह है कि भगवान् को परम सत्ता के रूप में स्वीकार किया जाए और इस प्रकार स्वतःस्फूर्त प्रेम से उनकी सेवा की जाए। जीव सेवा किए बिना नहीं रह सकता, क्योंकि वह स्वभावतः उसी प्रयोजन के लिए बना है। जीव का एकमात्र कार्य भगवान् की सेवा करना है। भगवान् महान् हैं, और जीव उनके अधीनस्थ हैं। अतः जीव का कर्तव्य केवल उन्हीं की सेवा करना है। दुर्भाग्यवश भ्रमित जीव, केवल भ्रान्तिवश, भौतिक इच्छा से इन्द्रियों के सेवक बन जाते हैं। यह इच्छा अविद्या अर्थात् अज्ञान कहलाती है। और ऐसी इच्छा से जीव एक विकृत यौन-जीवन के चारों ओर केन्द्रित भौतिक भोग की भिन्न-भिन्न योजनाएँ बनाता है। अतः वह परमेश्वर के निर्देशन में भिन्न-भिन्न लोकों पर भिन्न-भिन्न शरीरों में देहान्तरण करते हुए जन्म-मृत्यु की शृंखला में फँस जाता है। अतः जब तक कोई इस अज्ञान की सीमा से परे नहीं हो जाता, तब तक वह भौतिक जीवन के त्रिविध दुःखों से मुक्त नहीं हो सकता। यही प्रकृति का नियम है।

किन्तु भगवान्, अपनी अहैतुकी कृपावश, क्योंकि वे पीड़ित जीवों के प्रति उससे भी अधिक कृपालु हैं जितनी वे आशा कर सकते हैं, उनके समक्ष प्रकट होते हैं और श्रवण, कीर्तन, स्मरण, सेवन, आराधन, प्रार्थना, सहयोग एवं आत्म-समर्पण से युक्त भक्ति के सिद्धान्तों का पुनरुद्धार करते हैं। उपर्युक्त समस्त अंगों, अथवा उनमें से किसी एक का, अवलम्बन एक बद्धजीव को अज्ञान के जाल से बाहर निकलने में सहायता कर सकता है और इस प्रकार बहिरंगा शक्ति द्वारा भ्रमित जीव द्वारा उत्पन्न समस्त भौतिक दुःखों से मुक्त कर सकता है। इस विशेष प्रकार की कृपा भगवान् द्वारा जीव पर भगवान् श्रीचैतन्य महाप्रभु के रूप में प्रदान की जाती है।
