### SB 1.8.6

> याजयित्वाश्वमेधैस्तं त्रिभिरुत्तमकल्पकैः ।\
> तद्यशः पावनं दिक्षु शतमन्योरिवातनोत् ॥ ६ ॥

*याजयित्वा*—सम्पन्न कराकर; *अश्वमेधैः*—यज्ञ जिसमें अश्व की बलि दी जाती है; *तम्*—उन्हें (राजा युधिष्ठिर को); *त्रिभिः*—तीन; *उत्तम*—श्रेष्ठ; *कल्पकैः*—उचित सामग्री से सम्पन्न तथा समर्थ पुरोहितों द्वारा सम्पादित; *तत्*—वह; *यशः*—कीर्ति; *पावनम्*—पुण्यमय; *दिक्षु*—समस्त दिशाओं में; *शत-मन्योः*—उसके समान जिसने ऐसे एक सौ यज्ञ किए थे; *इव*—समान; *अतनोत्*—किया

**भगवान् श्रीकृष्ण ने महाराज युधिष्ठिर से तीन भली-भाँति सम्पादित अश्वमेध-यज्ञ [अश्व-यज्ञ] करवाए और इस प्रकार उनकी पुण्यमय कीर्ति को समस्त दिशाओं में उसी प्रकार गौरवान्वित कराया, जैसे इन्द्र की, जिसने ऐसे एक सौ यज्ञ किए थे।**

यह महाराज युधिष्ठिर द्वारा अश्वमेध-यज्ञ के अनुष्ठान की भूमिका जैसा है। महाराज युधिष्ठिर की स्वर्ग के राजा से तुलना महत्त्वपूर्ण है। स्वर्ग का राजा ऐश्वर्य में महाराज युधिष्ठिर से हज़ारों-हज़ार गुना बड़ा है, फिर भी महाराज युधिष्ठिर की कीर्ति किसी प्रकार कम नहीं थी। कारण यह है कि महाराज युधिष्ठिर भगवान् के शुद्ध भक्त थे, और केवल उनकी कृपा से ही वे स्वर्ग के राजा के स्तर पर थे, यद्यपि राजा युधिष्ठिर ने केवल तीन यज्ञ किये, जबकि स्वर्ग के राजा ने सैकड़ों किये। यही भगवान् के भक्त का विशेषाधिकार है। भगवान् सबके प्रति समान हैं, किन्तु भगवान् का भक्त अधिक महिमान्वित होता है, क्योंकि वह सदा उस सर्वमहान के सम्पर्क में रहता है। सूर्य की किरणें समान रूप से वितरित होती हैं, फिर भी कुछ स्थान ऐसे हैं जो सदा अन्धकारमय रहते हैं। यह सूर्य के कारण नहीं, अपितु ग्रहणशक्ति के कारण है। इसी प्रकार, जो भगवान् के शत-प्रतिशत भक्त हैं, उन्हें भगवान् की पूर्ण कृपा प्राप्त होती है, जो सदा सर्वत्र समान रूप से वितरित रहती है।
