### SB 1.8.9

> उत्तरोवाच\
> पाहि पाहि महायोगिन् देवदेव जगत्पते ।\
> नान्यं त्वदभयं पश्ये यत्र मृत्युः परस्परम् ॥ ९ ॥

*उत्तरा उवाच*—उत्तरा ने कहा; *पाहि पाहि*—रक्षा करें, रक्षा करें; *महा-योगिन्*—महानतम योगी; *देव-देव*—पूज्यों के पूज्य; *जगत्-पते*—हे ब्रह्माण्ड के स्वामी; *न*—नहीं; *अन्यम्*—कोई अन्य; *त्वत्*—आपका; *अभयम्*—अभय; *पश्ये*—मैं देखती हूँ; *यत्र*—जहाँ है; *मृत्युः*—मृत्यु; *परस्परम्*—द्वैत के संसार में।

**उत्तरा ने कहा : हे देवों के देव, हे जगत् के स्वामी! आप योगियों में सर्वश्रेष्ठ हैं। कृपया मेरी रक्षा कीजिए, क्योंकि इस द्वैत के संसार में मुझे मृत्यु के पाश से बचाने वाला आपके अतिरिक्त अन्य कोई नहीं है।**

यह भौतिक जगत् परम धाम की एकता के विपरीत द्वैत का संसार है। द्वैत का संसार जड़ और चेतन से बना है, जबकि परम जगत् भौतिक गुणों के लेशमात्र स्पर्श से रहित पूर्ण चिन्मय है। द्वैत के संसार में प्रत्येक प्राणी मिथ्या ही जगत् का स्वामी बनने का प्रयत्न करता है, जबकि परम जगत् में भगवान् ही परम स्वामी हैं और शेष सब उनके परम सेवक हैं। द्वैत के संसार में प्रत्येक व्यक्ति अन्य सबसे ईर्ष्या करता है, और जड़ तथा चेतन के द्वैत अस्तित्व के कारण मृत्यु अनिवार्य है। शरणागत आत्मा के लिए भगवान् ही अभय के एकमात्र आश्रय हैं। भगवान् के चरणकमलों में आत्मसमर्पण किये बिना कोई भी भौतिक जगत् में मृत्यु के क्रूर हाथों से अपनी रक्षा नहीं कर सकता।
