### SB 2.4.25

> एतदेवात्मभू राजन् नारदाय विपृच्छते ।\
> वेदगर्भोऽभ्यधात् साक्षाद् यदाह हरिरात्मनः ॥ २५ ॥

*एतत्*—इस विषय पर; *एव*—ठीक; *आत्म-भूः*—प्रथमज (ब्रह्माजी); *राजन्*—हे राजन्; *नारदाय*—नारद मुनि को; *विपृच्छते*—उनसे इसके विषय में पूछने पर; *वेद-गर्भः*—जो जन्म से ही वैदिक ज्ञान से ओतप्रोत हैं; *अभ्यधात्*—अवगत कराया; *साक्षात्*—प्रत्यक्ष रूप से; *यत् आह*—जो उन्होंने कहा; *हरिः*—भगवान्; *आत्मनः*—अपने ही (ब्रह्मा) को।

**हे राजन्! प्रथम-जात ब्रह्मा ने, नारद द्वारा प्रश्न किए जाने पर, उन्हें इस विषय से ठीक-ठीक अवगत कराया — ठीक जैसा भगवान् ने स्वयं अपने उस पुत्र को कहा था, जो जन्म से ही वैदिक ज्ञान से निषिक्त है।**

ज्योंही ब्रह्मा विष्णु के उदर-कमल की पंखुड़ियों से उत्पन्न हुए, वे वैदिक ज्ञान से निषिक्त किए गए, इसीलिए वे वेद-गर्भ कहलाते हैं, अर्थात् गर्भ से ही वेदान्ती। वैदिक ज्ञान — अर्थात् पूर्ण, अचूक ज्ञान — के बिना कोई कुछ भी सृजन नहीं कर सकता। समस्त वैज्ञानिक ज्ञान और पूर्ण ज्ञान वैदिक है। वेदों से सभी प्रकार की जानकारी मिल सकती है, और इस रूप में ब्रह्मा सर्व-पूर्ण ज्ञान से निषिक्त किए गए, ताकि उनके लिए सृष्टि करना सम्भव हो। इस प्रकार ब्रह्मा सृष्टि का पूर्ण वर्णन जानते थे, क्योंकि परमेश्वर हरि ने उन्हें इससे ठीक-ठीक अवगत कराया था। ब्रह्मा ने, नारद द्वारा प्रश्न किए जाने पर, नारद को ठीक वही बताया जो उन्होंने सीधे भगवान् से सुना था। नारद ने पुनः वही बात ठीक-ठीक व्यास से कही, और व्यास ने भी जो नारद से सुना था, वही ठीक-ठीक शुकदेव से कहा। और शुकदेव वही कथन, जैसा उन्होंने व्यास से सुना था, दोहराने जा रहे थे। यही वैदिक ज्ञान-प्राप्ति का मार्ग है। वेदों की वाणी केवल उपर्युक्त गुरु-परम्परा द्वारा ही प्रकट की जा सकती है, अन्यथा नहीं।

सिद्धान्त-कल्पनाओं का कोई लाभ नहीं। ज्ञान तथ्यपरक होना चाहिए। अनेक बातें जटिल हैं, और उन्हें कोई तब तक नहीं समझ सकता जब तक कोई जानने वाला उन्हें समझा न दे। वैदिक ज्ञान भी जानना अत्यन्त कठिन है और उसे उपर्युक्त पद्धति से ही सीखा जाना चाहिए, अन्यथा वह बिल्कुल भी समझ में नहीं आता।

अतएव शुकदेव गोस्वामी ने भगवान् की कृपा के लिए प्रार्थना की, ताकि वे ठीक वही सन्देश दोहरा सकें जो भगवान् ने स्वयं ब्रह्मा से कहा था, अथवा जो ब्रह्मा ने स्वयं नारद से कहा था। अतः सृष्टि-सम्बन्धी जो कथन शुकदेव गोस्वामी द्वारा समझाए गए, वे बिल्कुल भी सैद्धान्तिक नहीं हैं, जैसा सांसारिक लोग सुझाते हैं, अपितु वे पूर्णतः सही हैं। जो इन सन्देशों को सुनता है और उन्हें आत्मसात् करने का प्रयत्न करता है, उसे भौतिक सृष्टि की पूर्ण जानकारी मिल जाती है।

इस प्रकार श्रीमद्भागवत के द्वितीय स्कन्ध के चतुर्थ अध्याय "सृष्टि की प्रक्रिया" के भक्तिवेदान्त तात्पर्य समाप्त हुए।
