### SB 2.7.43-45

> वेदाहमङ्ग परमस्य हि योगमायां\
> यूयं भवश्च भगवानथ दैत्यवर्यः ।\
> पत्नी मनोः स च मनुश्च तदात्मजाश्च\
> प्राचीनबर्हिर्ऋभुरङ्ग उत ध्रुवश्च ॥ ४३ ॥\
> इक्ष्वाकुरैलमुचुकुन्दविदेहगाधि-\
> रघ्वम्बरीषसगरा गयनाहुषाद्याः ।\
> मान्धात्रलर्कशतधन्वनुरन्तिदेवा\
> देवव्रतो बलिरमूर्त्तरयो दिलीपः ॥ ४४ ॥\
> सौभर्युतङ्कशिबिदेवलपिप्पलाद-\
> सारस्वतोद्धवपराशरभूरिषेणाः ।\
> येऽन्ये विभीषणहनूमदुपेन्द्रदत्त-\
> पार्थार्ष्टिषेणविदुरश्रुतदेववर्याः ॥ ४५ ॥

*वेद*—जानता हूँ; *अहम्*—मैं स्वयं; *अङ्ग*—हे नारद; *परमस्य*—परम के; *हि*—निश्चय ही; *योग-मायाम्*—शक्ति; *यूयम्*—आप स्वयं; *भवः*—शिव; *च*—तथा; *भगवान्*—महान् देवता; *अथ*—तथा; *दैत्य-वर्यः*—प्रह्लाद महाराज, नास्तिक के परिवार में जन्मे भगवान् के महान् भक्त; *पत्नी*—शतरूपा; *मनोः*—मनु की; *सः*—वह; *च*—भी; *मनुः*—स्वायम्भुव; *च*—तथा; *तत्-आत्म-जाः च*—तथा उनके सन्तान, यथा प्रियव्रत, उत्तानपाद, देवहूति आदि; *प्राचीनबर्हिः*—प्राचीनबर्हि; *ऋभुः*—ऋभु; *अङ्गः*—अङ्ग; *उत*—भी; *ध्रुवः*—ध्रुव; *च*—तथा; *इक्ष्वाकुः*—इक्ष्वाकु; *ऐल*—ऐल; *मुचुकुन्द*—मुचुकुन्द; *विदेह*—महाराज जनक; *गाधि*—गाधि; *रघु*—रघु; *अम्बरीष*—अम्बरीष; *सगराः*—सगर; *गय*—गय; *नाहुष*—नाहुष; *आद्याः*—इत्यादि; *मान्धातृ*—मान्धाता; *अलर्क*—अलर्क; *शतधनु*—शतधनु; *अनु*—अनु; *रन्तिदेवाः*—रन्तिदेव; *देवव्रतः*—भीष्म; *बलिः*—बलि; *अमूर्त्तरयः*—अमूर्त्तरय; *दिलीपः*—दिलीप; *सौभरि*—सौभरि; *उतङ्क*—उतङ्क; *शिबि*—शिबि; *देवल*—देवल; *पिप्पलाद*—पिप्पलाद; *सारस्वत*—सारस्वत; *उद्धव*—उद्धव; *पराशर*—पराशर; *भूरिषेणाः*—भूरिषेण; *ये*—जो; *अन्ये*—अन्य; *विभीषण*—विभीषण; *हनूमत्*—हनुमान; *उपेन्द्र-दत्त*—शुकदेव गोस्वामी; *पार्थ*—अर्जुन; *आर्ष्टिषेण*—आर्ष्टिषेण; *विदुर*—विदुर; *श्रुतदेव*—श्रुतदेव; *वर्याः*—श्रेष्ठ।

**हे नारद, यद्यपि भगवान् की शक्तियाँ अज्ञेय तथा अमेय हैं, तथापि, चूँकि हम सब शरणागत आत्माएँ हैं, हम जानते हैं कि वे योगमाया शक्तियों के माध्यम से किस प्रकार कार्य करते हैं। और, इसी प्रकार, सर्वशक्तिमान् शिव, नास्तिक कुल के महान् राजा, अर्थात् प्रह्लाद महाराज, स्वायम्भुव मनु, उनकी पत्नी शतरूपा, उनके पुत्र तथा पुत्रियाँ जैसे प्रियव्रत, उत्तानपाद, आकूति, देवहूति, प्रसूति आदि, प्राचीनबर्हि, ऋभु, वेन के पिता अंग, महाराज ध्रुव, इक्ष्वाकु, ऐल, मुचुकुन्द, महाराज जनक, गाधि, रघु, अम्बरीष, सगर, गय, नाहुष, मान्धाता, अलर्क, शतधनु, अनु, रन्तिदेव, भीष्म, बलि, अमूर्तरय, दिलीप, सौभरि, उतंक, शिबि, देवल, पिप्पलाद, सारस्वत, उद्धव, पराशर, भूरिषेण, विभीषण, हनुमान, श्रील शुकदेव गोस्वामी, अर्जुन, आर्ष्टिषेण, विदुर, श्रुतदेव आदि—ये सभी भी भगवान् की शक्तियों को जानते हैं।**

भगवान् के समस्त महान् भक्त, जैसा कि ऊपर उल्लेख किया गया है, जो भूत अथवा वर्तमान में हुए, तथा भगवान् के समस्त भक्त, जो भविष्य में आएँगे, भगवान् की भिन्न-भिन्न शक्तियों से, उनके नाम, गुण, लीला, परिकर, विभूति आदि की शक्ति सहित, अवगत हैं। और वे कैसे जानते हैं? निश्चय ही यह मानसिक कल्पना से नहीं, न ही ज्ञान के सीमित साधनों के बल पर किसी प्रयास से है। ज्ञान के सीमित साधनों (चाहे इन्द्रियाँ हों अथवा सूक्ष्मदर्शी तथा दूरदर्शी जैसे भौतिक यन्त्र) से मनुष्य भगवान् की भौतिक शक्तियों को भी पूर्णतः नहीं जान सकता, जो हमारी आँखों के समक्ष प्रकट हैं। उदाहरणार्थ, अनेक करोड़ों तथा अरबों लोक हैं, जो वैज्ञानिक की गणना से कहीं, कहीं परे हैं। किन्तु ये केवल भगवान् की भौतिक ऊर्जा के प्रकटीकरण हैं। ऐसे भौतिक प्रयासों से वैज्ञानिक भगवान् की आध्यात्मिक शक्ति के विषय में जानने की क्या आशा कर सकता है? मानसिक कल्पनाएँ, कुछ दर्जन "यदि" तथा "शायद" जोड़कर, ज्ञान की उन्नति में सहायता नहीं कर सकतीं—प्रत्युत, ऐसी मानसिक कल्पना केवल निराशा में समाप्त होगी, मामले को अकस्मात् खारिज करके तथा ईश्वर का अनस्तित्व घोषित करके। अतः विवेकी व्यक्ति अपने तुच्छ मस्तिष्क के अधिकार-क्षेत्र से परे विषयों पर कल्पना करना बन्द कर देता है, और स्वभावतः वह परम भगवान् के प्रति शरणागति सीखने का प्रयास करता है, जो अकेले ही मनुष्य को वास्तविक ज्ञान के तल तक ले जा सकते हैं। उपनिषदों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् को केवल अत्यन्त परिश्रम करके तथा कुशाग्र मस्तिष्क पर अधिक भार डालकर कभी नहीं जाना जा सकता, न ही उन्हें केवल मानसिक कल्पना तथा शब्दों की बाजीगरी से जाना जा सकता है। भगवान् केवल उसी के द्वारा ज्ञेय हैं, जो शरणागत आत्मा है। यहाँ ब्रह्माजी, समस्त भौतिक जीवों में महानतम, इस सत्य को स्वीकार करते हैं। अतः प्रायोगिक ज्ञान के मार्ग का अनुसरण करके ऊर्जा का निष्फल अपव्यय त्याग देना चाहिए। मनुष्य को भगवान् के प्रति शरणागत होकर तथा यहाँ उल्लिखित व्यक्तियों के अधिकार को स्वीकार करके ज्ञान प्राप्त करना चाहिए। भगवान् असीम हैं, और योगमाया की कृपा से, वे शरणागत आत्मा को अपनी शरणागति-प्रक्रिया की उन्नति के साथ आनुपातिक रूप से उन्हें जानने में सहायता करते हैं।
