### SB 2.10.34

> अतः परं सूक्ष्मतममव्यक्तं निर्विशेषणम् ।\
> अनादिमध्यनिधनं नित्यं वाङ्मनसः परम् ॥ ३४ ॥

*अतः*—अतएव; *परम्*—दिव्य; *सूक्ष्मतमम्*—सूक्ष्म से भी सूक्ष्मतर; *अव्यक्तम्*—अप्रकट; *निर्विशेषणम्*—भौतिक लक्षणों से रहित; *अनादि*—आदिरहित; *मध्य*—मध्यावस्था से रहित; *निधनम्*—अन्तरहित; *नित्यम्*—नित्य; *वाक्*—शब्द; *मनसः*—मन के; *परम्*—परे।

**अतः इस [स्थूल अभिव्यक्ति] से परे एक दिव्य अभिव्यक्ति है, जो सूक्ष्म से सूक्ष्म रूप से भी सूक्ष्मतर है, जिसका न आदि है, न मध्य अवस्था है और न अन्त; अतः वह अभिव्यक्ति या मानसिक कल्पना की सीमाओं से परे है और भौतिक धारणा से पृथक् है।**

परमेश्वर का स्थूल बाह्य शरीर निश्चित अन्तरालों पर प्रकट होता है, अतः पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् का बाह्य स्वरूप या रूप भगवान् का वह नित्य रूप नहीं है, जिसका न आदि है, न मध्य अवस्था और न अन्त। जिस किसी वस्तु का आदि, मध्य और अन्त होता है, वह भौतिक कहलाती है। भौतिक जगत् का आरम्भ भगवान् से होता है, अतः भौतिक जगत् के आरम्भ से पूर्व भगवान् का रूप निश्चय ही सूक्ष्मतम या सूक्ष्मतर भौतिक धारणा से भी अप्राकृत है। भौतिक जगत् में आकाश सूक्ष्मतम माना जाता है। आकाश से सूक्ष्मतर मन, बुद्धि और मिथ्या अहंकार हैं। किन्तु आठों बाह्य आवरणों की व्याख्या परम सत्य के बाहरी आवरणों के रूप में की गई है। अतः परम सत्य भौतिक धारणा की अभिव्यक्ति और कल्पना से परे हैं; वे निश्चय ही समस्त भौतिक धारणाओं से अप्राकृत हैं। यह निर्विशेषणम् कहलाता है। किन्तु निर्विशेषणम् को यह समझने की भूल नहीं करनी चाहिए कि वे किसी भी दिव्य गुण से रहित हैं। विशेषणम् का अर्थ है गुण। अतः उसके साथ निर् जोड़ने का अर्थ है कि उनमें कोई भौतिक गुण या वैविध्य नहीं है। यह निषेधात्मक अभिव्यक्ति चार दिव्य विशेषताओं में वर्णित है — अर्थात् अप्रकट, दिव्य, नित्य, और मन या वाणी की धारणा से परे। शब्दों की सीमाओं से परे होने का अर्थ है भौतिक धारणा का निषेध, और जब तक मनुष्य दिव्य रूप से स्थित न हो, तब तक भगवान् के दिव्य रूप को जानना सम्भव नहीं है।
