### SB 3.1.9

> यदा च पार्थप्रहितः सभायां\
> जगद्गुरुर्यानि जगाद कृष्णः ।\
> न तानि पुंसाममृतायनानि\
> राजोरु मेने क्षतपुण्यलेशः ॥ ९ ॥

*यदा*—जब; *च*—भी; *पार्थ-प्रहितः*—अर्जुन द्वारा परामर्श दिए जाने पर; *सभायाम्*—सभा में; *जगत्-गुरुः*—जगद्गुरु का; *यानि*—वे; *जगाद*—गए; *कृष्णः*—भगवान् कृष्ण; *न*—कभी नहीं; *तानि*—ऐसे वचन; *पुंसाम्*—समस्त विवेकशील मनुष्यों के; *अमृत-अयनानि*—अमृत के तुल्य; *राजा*—राजा (धृतराष्ट्र अथवा दुर्योधन); *उरु*—अत्यन्त महत्त्वपूर्ण; *मेने*—माना; *क्षत*—क्षीण होते; *पुण्य-लेशः*—पुण्य कर्मों का अंश।

**भगवान् श्रीकृष्ण को अर्जुन ने समस्त जगत् के आध्यात्मिक गुरु के रूप में सभा में भेजा, और यद्यपि उनके वचनों को कुछ लोगों ने [जैसे भीष्म ने] शुद्ध अमृत के समान सुना, किन्तु उन अन्यों के लिए ऐसा नहीं था, जो विगत पुण्य कर्मों के अन्तिम कण से भी पूर्णतः रहित थे। राजा [धृतराष्ट्र अथवा दुर्योधन] ने भगवान् श्रीकृष्ण के वचनों को अधिक गम्भीरता से नहीं लिया।**

भगवान् श्रीकृष्ण, जो समस्त ब्रह्माण्ड के आध्यात्मिक गुरु हैं, ने एक दूत का कर्तव्य स्वीकार किया, और अर्जुन द्वारा भेजे जाने पर शान्ति-प्रस्ताव लेकर राजा धृतराष्ट्र की सभा में गए। श्रीकृष्ण सबके स्वामी हैं, फिर भी क्योंकि वे अर्जुन के दिव्य सखा थे, अतः उन्होंने एक सामान्य सखा के समान ही प्रसन्नतापूर्वक दूत की भूमिका स्वीकार की। अपने शुद्ध भक्तों के साथ भगवान् के व्यवहार की यही सुन्दरता है। वे सभा में पहुँचे और शान्ति के विषय में बोले, और भीष्म तथा अन्य महान् नेताओं ने उस सन्देश का आस्वादन किया, क्योंकि उसे स्वयं भगवान् ने कहा था। किन्तु अपने विगत कर्मों के पुण्य-फलों के क्षय के कारण दुर्योधन अथवा उसके पिता धृतराष्ट्र ने उस सन्देश को अधिक गम्भीरता से नहीं लिया। ऐसी ही दशा उन व्यक्तियों की होती है जिनके पास पुण्य कर्मों का कोई संचय नहीं होता। विगत पुण्य कर्मों के द्वारा मनुष्य किसी देश का राजा बन सकता है, किन्तु क्योंकि दुर्योधन तथा उसके सहयोगियों के पुण्य कर्मों के फल क्षीण हो रहे थे, अतः उनके कार्यों से यह स्पष्ट हो गया कि वे निश्चय ही राज्य को पाण्डवों के हाथों गँवाने वाले थे। भगवान् का सन्देश भक्तों के लिए सदा अमृत के समान होता है, किन्तु अभक्तों के लिए ठीक इसके विपरीत होता है। मिश्री स्वस्थ मनुष्य को सदा मधुर लगती है, किन्तु पीलिया से पीड़ित व्यक्तियों को वह अत्यन्त कटु लगती है।
