### SB 3.3.5

> प्रियं प्रभुर्ग्राम्य इव प्रियाया\
> विधित्सुरार्च्छद् द्युतरुं यदर्थे ।\
> वज्र्याद्रवत्तं सगणो रुषान्धः\
> क्रीडामृगो नूनमयं वधूनाम् ॥ ५ ॥

*प्रियम्*—प्रिय पत्नी का; *प्रभुः*—भगवान्; *ग्राम्यः*—सामान्य प्राणी; *इव*—की भाँति; *प्रियायाः*—केवल प्रसन्न करने हेतु; *विधित्सुः*—इच्छा करते हुए; *आर्च्छत्*—ले आए; *द्युतरुम्*—पारिजात पुष्प-वृक्ष; *यत्*—जिसके; *अर्थे*—विषय में; *वज्री*—स्वर्ग का राजा इन्द्र; *आद्रवत् तम्*—उनसे युद्ध करने हेतु आगे बढ़ा; *स-गणः*—पूर्ण बल सहित; *रुषा*—क्रोध में; *अन्धः*—अन्धा; *क्रीडा-मृगः*—स्त्री के वश में; *नूनम्*—निश्चय ही; *अयम्*—यह; *वधूनाम्*—पत्नियों का।

**अपनी प्रिय पत्नी को प्रसन्न करने हेतु भगवान् स्वर्ग से पारिजात वृक्ष वापस ले आए, ठीक जैसे कोई सामान्य पति करता। किन्तु स्वर्ग का राजा इन्द्र, अपनी पत्नियों के प्रेरित किए जाने पर (वह स्त्री के वश में जो था), भगवान् से युद्ध करने के लिए पूर्ण बल से उनके पीछे दौड़ा।**

भगवान् एक बार स्वर्गलोक गए ताकि देवताओं की माता अदिति को एक कुण्डल भेंट करें, और उनकी पत्नी सत्यभामा भी उनके साथ गईं। पारिजात नामक एक विशेष पुष्प-वृक्ष होता है, जो केवल स्वर्गलोकों में उगता है, और सत्यभामा इस वृक्ष को चाहती थीं। अपनी पत्नी को प्रसन्न करने हेतु, किसी सामान्य पति की भाँति, भगवान् वह वृक्ष वापस ले आए, और इसने वज्री अर्थात् वज्र के नियन्ता को क्रोधित कर दिया। चूँकि वह स्त्री के वश में रहने वाला पति था और मूर्ख भी, अतः उसने उनकी बात सुनी और श्रीकृष्ण से युद्ध करने का दुस्साहस किया। इस अवसर पर वह मूर्ख था, क्योंकि वह भूल गया कि सब कुछ भगवान् का ही है।

यद्यपि भगवान् ने वह वृक्ष स्वर्गलोक से हर लिया, तथापि उनका कोई दोष नहीं था; किन्तु चूँकि इन्द्र स्त्री के वश में था, शची जैसी अपनी सुन्दर पत्नियों के प्रभुत्व में था, अतः वह मूर्ख बन गया, ठीक जैसे वे सब व्यक्ति प्रायः मूर्ख होते हैं जो अपनी पत्नियों के प्रभुत्व में रहते हैं। इन्द्र ने सोचा कि श्रीकृष्ण स्त्री के वश में रहने वाले पति हैं जो केवल अपनी पत्नी सत्यभामा की इच्छा से स्वर्ग की सम्पत्ति हर ले गए, और इसीलिए उसने सोचा कि श्रीकृष्ण को दण्डित किया जा सकता है। वह भूल गया कि भगवान् ही सब कुछ के स्वामी हैं और स्त्री के वश में नहीं हो सकते। भगवान् पूर्णतः स्वतन्त्र हैं, और केवल अपनी इच्छा से वे सत्यभामा जैसी सैकड़ों-सहस्रों पत्नियाँ रख सकते हैं। अतः वे सत्यभामा के प्रति इसलिए आसक्त नहीं थे कि वह एक सुन्दर पत्नी थी, अपितु वे उसकी भक्ति से प्रसन्न थे और इस प्रकार अपने भक्त की अनन्य भक्ति का प्रत्युत्तर देना चाहते थे।
