### SB 3.3.6

> सुतं मृधे खं वपुषा ग्रसन्तं\
> दृष्ट्वा सुनाभोन्मथितं धरित्र्या ।\
> आमन्त्रितस्तत्तनयाय शेषं\
> दत्त्वा तदन्तःपुरमाविवेश ॥ ६ ॥

*सुतम्*—पुत्र; *मृधे*—युद्ध में; *खम्*—आकाश; *वपुषा*—अपने शरीर से; *ग्रसन्तम्*—ग्रसते हुए; *दृष्ट्वा*—देखकर; *सुनाभ*—सुदर्शन चक्र द्वारा; *उन्मथितम्*—मारा गया; *धरित्र्या*—पृथ्वी द्वारा; *आमन्त्रितः*—प्रार्थना किए जाने पर; *तत्-तनयाय*—नरकासुर के पुत्र को; *शेषम्*—जो लिया गया था; *दत्त्वा*—उसे लौटाकर; *तत्*—उसके; *अन्तः-पुरम्*—घर के भीतर; *आविवेश*—प्रवेश किया।

**पृथ्वी धरित्री के पुत्र नरकासुर ने सम्पूर्ण आकाश को ग्रसने का प्रयत्न किया, और इसके लिए भगवान् ने युद्ध में उसका वध किया। तब उसकी माता ने भगवान् से प्रार्थना की। इससे राज्य नरकासुर के पुत्र को लौटा दिया गया, और इस प्रकार भगवान् ने उस असुर के घर में प्रवेश किया।**

अन्य पुराणों में कहा गया है कि नरकासुर स्वयं भगवान् द्वारा धरित्री अर्थात् पृथ्वी का पुत्र था। किन्तु बाण नामक अन्य असुर की कुसंगति के कारण वह असुर बन गया। नास्तिक को असुर कहा जाता है, और यह तथ्य है कि अच्छे माता-पिता से उत्पन्न व्यक्ति भी कुसंगति के कारण असुर बन सकता है। जन्म सदा भलाई की कसौटी नहीं होता; जब तक मनुष्य सत्संग की संस्कृति में प्रशिक्षित नहीं होता, तब तक वह अच्छा नहीं बन सकता।
