### SB 3.5.7

> क्रीडन् विधत्ते द्विजगोसुराणां\
> क्षेमाय कर्माण्यवतारभेदैः ।\
> मनो न तृप्यत्यपि शृण्वतां नः\
> सुश्लोकमौलेश्चरितामृतानि ॥ ७ ॥

*क्रीडन्*—लीलाएँ प्रकट करते हुए; *विधत्ते*—वे सम्पन्न करते हैं; *द्विज*—द्विजों के; *गो*—गाय; *सुराणाम्*—देवताओं के; *क्षेमाय*—कल्याण हेतु; *कर्माणि*—दिव्य कर्म; *अवतार*—अवतार; *भेदैः*—भिन्न-भिन्न रूप से; *मनः*—मन; *न*—कभी नहीं; *तृप्यति*—तृप्त होता है; *अपि*—होते हुए भी; *शृण्वताम्*—निरन्तर श्रवण करते हुए; *नः*—हमारा; *सु-श्लोक*—मंगलमय; *मौलेः*—भगवान् की; *चरित*—विशेषताएँ; *अमृतानि*—अमर।

**आप द्विजों, गायों तथा देवताओं के कल्याण हेतु भगवान् की उनके भिन्न-भिन्न अवतारों में प्रकट हुई मंगलमय विशेषताओं के विषय में भी वर्णन करें। यद्यपि हम निरन्तर उनके दिव्य कर्मों के विषय में श्रवण करते हैं, फिर भी हमारा मन कभी पूर्णतया तृप्त नहीं होता।**

भगवान् इस विश्व में मत्स्य, कूर्म, वराह तथा नृसिंह जैसे भिन्न-भिन्न अवतारों में प्रकट होते हैं, और द्विजों, गायों तथा देवताओं के कल्याण हेतु अपने भिन्न-भिन्न दिव्य कर्म प्रकट करते हैं। भगवान् का प्रत्यक्ष सम्बन्ध द्विजों, अर्थात् सभ्य मनुष्यों से है। सभ्य मनुष्य वह है जिसने दो बार जन्म लिया हो। जीव इस सांसारिक जगत् में नर तथा नारी के संयोग से जन्म लेता है। मनुष्य पिता तथा माता के संयोग से जन्म लेता है, किन्तु सभ्य मनुष्य का दूसरा जन्म आध्यात्मिक गुरु के सम्पर्क से होता है, जो वास्तविक पिता बन जाते हैं। भौतिक शरीर के पिता तथा माता केवल एक ही जन्म के लिए होते हैं, और अगले जन्म में पिता तथा माता कोई भिन्न दम्पति हो सकते हैं। किन्तु प्रामाणिक आध्यात्मिक गुरु, भगवान् के प्रतिनिधि के रूप में, नित्य पिता हैं, क्योंकि आध्यात्मिक गुरु पर शिष्य को आध्यात्मिक मुक्ति, अर्थात् जीवन के परम लक्ष्य तक ले जाने का उत्तरदायित्व होता है। अतः सभ्य मनुष्य को द्विज होना चाहिए, अन्यथा वह निम्न पशुओं से अधिक कुछ नहीं है।

मानव-शरीर को पूर्णता तक विकसित करने के लिए गाय सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण पशु है। शरीर का पालन किसी भी प्रकार के भोज्य पदार्थ से हो सकता है, किन्तु गाय का दूध मानव-मस्तिष्क के सूक्ष्म तन्तुओं को विकसित करने के लिए विशेष रूप से आवश्यक है, ताकि मनुष्य दिव्य ज्ञान की जटिलताओं को समझ सके। सभ्य मनुष्य से अपेक्षा की जाती है कि वह फल, शाक, अन्न, शक्कर तथा दूध से युक्त भोज्य पदार्थों पर जीवन-निर्वाह करे। बैल अन्न आदि उत्पन्न करने की कृषि-प्रक्रिया में सहायता करता है, और इस प्रकार एक अर्थ में बैल मानव-जाति का पिता है, जबकि गाय माता है, क्योंकि वह मानव-समाज को दूध प्रदान करती है। अतः सभ्य मनुष्य से अपेक्षा की जाती है कि वह बैलों तथा गायों को पूर्ण संरक्षण प्रदान करे।

देवता, अर्थात् वे जीव जो उच्चतर लोकों में निवास करते हैं, मनुष्यों से कहीं अधिक श्रेष्ठ हैं। चूँकि उनके पास जीवन-परिस्थितियों की उत्तम व्यवस्था है, इसलिए वे मनुष्यों की तुलना में कहीं अधिक विलासितापूर्वक जीवन व्यतीत करते हैं, फिर भी वे सभी भगवान् के भक्त हैं। भगवान् सभ्य मनुष्य, गाय तथा देवताओं को संरक्षण देने के लिए ही मत्स्य, कच्छप, वराह तथा संयुक्त सिंह-मानव जैसे भिन्न-भिन्न रूपों में अवतरित होते हैं, जो प्रगतिशील आत्म-साक्षात्कार के नियमित जीवन के लिए प्रत्यक्ष रूप से उत्तरदायी हैं। भौतिक सृष्टि की समूची व्यवस्था इस प्रकार नियोजित है कि बद्धजीवों को आत्म-साक्षात्कार का अवसर मिल सके। जो ऐसी व्यवस्था का लाभ उठाता है, वह देवता अथवा सभ्य मनुष्य कहलाता है। गाय का प्रयोजन ऐसे उच्च जीवन-स्तर को बनाए रखने में सहायता करना है।

द्विज सभ्य मनुष्यों, गायों तथा देवताओं के संरक्षण हेतु भगवान् की लीलाएँ पूर्णतया दिव्य हैं। मनुष्य की प्रवृत्ति उत्तम वृत्तान्तों तथा कथाओं को सुनने की है, और इसीलिए विकसित आत्मा की रुचियों को सन्तुष्ट करने हेतु बाज़ार में इतनी सारी पुस्तकें, पत्रिकाएँ तथा समाचारपत्र उपलब्ध हैं। किन्तु ऐसे साहित्य का आनन्द एक बार पढ़ लेने के पश्चात् नीरस हो जाता है, और लोग ऐसे साहित्य को बार-बार पढ़ने में कोई रुचि नहीं लेते। वस्तुतः समाचारपत्र एक घण्टे से भी कम समय तक पढ़े जाते हैं और फिर कूड़े के रूप में कूड़ेदान में फेंक दिए जाते हैं। अन्य समस्त सांसारिक साहित्य के साथ भी ऐसा ही होता है। किन्तु भगवद्गीता तथा श्रीमद्भागवत जैसे दिव्य ग्रन्थों की विशेषता यह है कि वे कभी पुराने नहीं होते। संसार में सभ्य मनुष्य द्वारा गत पाँच हज़ार वर्षों से उन्हें पढ़ा जा रहा है, और वे कभी पुराने नहीं हुए। वे विद्वानों तथा भक्तों के लिए सदा नवीन हैं, और भगवद्गीता तथा श्रीमद्भागवत के श्लोकों की दैनिक पुनरावृत्ति से भी विदुर जैसे भक्तों के लिए कोई तृप्ति नहीं होती। मैत्रेय से मिलने से पूर्व विदुर ने भगवान् की लीलाएँ अनेकानेक बार सुनी होंगी, फिर भी वे चाहते थे कि वही वृत्तान्त पुनः सुनाए जाएँ, क्योंकि उन्हें सुनकर वे कभी तृप्त नहीं होते थे। भगवान् की गौरवमयी लीलाओं की यही दिव्य प्रकृति है।
