### SB 3.21.34

> निरीक्षतस्तस्य ययावशेष-\
> सिद्धेश्वराभिष्टुतसिद्धमार्गः ।\
> आकर्णयन् पत्ररथेन्द्रपक्षै-\
> रुच्चारितं स्तोममुदीर्णसाम ॥ ३४ ॥

*निरीक्षतः तस्य*—जब वे देख रहे थे; *ययौ*—वे चले गए; *अशेष*—समस्त; *सिद्ध-ईश्वर*—मुक्त आत्माओं द्वारा; *अभिष्टुत*—प्रशंसित है; *सिद्ध-मार्गः*—आध्यात्मिक जगत् का मार्ग; *आकर्णयन्*—सुनते हुए; *पत्र-रथ-इन्द्र*—गरुड़ (पक्षिराज) के; *पक्षैः*—पंखों द्वारा; *उच्चारितम्*—गुंजित; *स्तोमम्*—स्तोत्र; *उदीर्ण-साम*—सामवेद का निर्माण करते हुए।

**जब मुनि देखते रह गए, तब भगवान् वैकुण्ठ की ओर जाने वाले उस मार्ग से प्रस्थान कर गए, जिसकी समस्त महान् मुक्त आत्माएँ प्रशंसा करती हैं। मुनि सुनते रह गए, क्योंकि भगवान् के वाहन गरुड़ के पंखों के फड़फड़ाने से सामवेद का आधार बनने वाले स्तोत्र गुंजित हो रहे थे।**

वैदिक साहित्य में कहा गया है कि उस दिव्य पक्षी गरुड़ के, जो भगवान् को सर्वत्र ले जाता है, दोनों पंख सामवेद के दो विभाग हैं, जो बृहत् एवं रथान्तर के नाम से जाने जाते हैं। गरुड़ भगवान् के वाहन के रूप में कार्य करता है; अतएव वह समस्त वाहनों का दिव्य राजकुमार माना जाता है। अपने दोनों पंखों से गरुड़ ने सामवेद को गुंजित करना आरम्भ किया, जिसका भगवान् को प्रसन्न करने हेतु महान् ऋषिगण कीर्तन करते हैं। भगवान् की आराधना ब्रह्मा, भगवान् शिव, गरुड़ तथा अन्य देवताओं द्वारा चुने हुए पद्यों से होती है, और महान् ऋषिगण उपनिषद् एवं सामवेद जैसे वैदिक साहित्य के स्तोत्रों से उनकी आराधना करते हैं। ये सामवेद के उच्चारण भक्त द्वारा स्वतः ही सुने जाते हैं जब भगवान् का एक अन्य महान् भक्त गरुड़ अपने पंख फड़फड़ाता है।

यहाँ स्पष्ट रूप से कहा गया है कि कर्दम मुनि उस मार्ग की ओर देखने लगे जिससे भगवान् को वैकुण्ठ ले जाया जा रहा था। इस प्रकार यह पुष्ट होता है कि भगवान् अपने धाम वैकुण्ठ से, जो आध्यात्मिक आकाश में है, अवतरित होते हैं और गरुड़ द्वारा ले जाए जाते हैं। जो मार्ग वैकुण्ठ की ओर जाता है, उसकी आराधना साधारण कोटि के अध्यात्मवादी नहीं करते। केवल वे ही, जो पहले से भौतिक बन्धन से मुक्त हैं, भगवान् के भक्त बन सकते हैं। जो भौतिक बन्धन से मुक्त नहीं हैं, वे दिव्य भक्ति-सेवा को नहीं समझ सकते। भगवद्गीता में स्पष्ट रूप से कहा गया है, यततामपि सिद्धानाम् [भ.गी. 7.3]। ऐसे अनेक व्यक्ति हैं जो भौतिक बन्धन से मुक्ति के लिए प्रयत्न करते हुए पूर्णता प्राप्त करने का प्रयास कर रहे हैं, और जो वास्तव में मुक्त हैं वे ब्रह्म-भूत अथवा सिद्ध कहलाते हैं। केवल सिद्ध, अर्थात् भौतिक बन्धन से मुक्त व्यक्ति ही भक्त बन सकते हैं। इसकी पुष्टि भगवद्गीता में भी होती है: जो कोई कृष्णभावनामृत, अर्थात् भक्ति-सेवा में संलग्न है, वह पहले से ही प्रकृति के गुणों के प्रभाव से मुक्त है। यहाँ यह भी पुष्ट होता है कि भक्ति-सेवा के मार्ग की आराधना मुक्त व्यक्ति करते हैं, बद्धजीव नहीं। बद्धजीव भगवान् की भक्ति-सेवा को नहीं समझ सकता। कर्दम मुनि एक मुक्त आत्मा थे, जिन्होंने परमेश्वर को व्यक्तिगत रूप से, आमने-सामने देखा। इसमें कोई सन्देह नहीं था कि वे मुक्त थे, और इस प्रकार वे गरुड़ को भगवान् को वैकुण्ठ के मार्ग पर ले जाते हुए देख सके तथा उसके पंखों के फड़फड़ाने को सामवेद के सार, हरे कृष्ण की ध्वनि गुंजित करते हुए सुन सके।
