### SB 3.22.2

> मनुरुवाच\
> ब्रह्मासृजत्स्वमुखतो युष्मानात्मपरीप्सया ।\
> छन्दोमयस्तपोविद्यायोगयुक्तानलम्पटान् ॥ २ ॥

*मनुः*—मनु ने; *उवाच*—कहा; *ब्रह्मा*—ब्रह्मा ने; *असृजत्*—उत्पन्न किया; *स्व-मुखतः*—अपने मुख से; *युष्मान्*—तुम (ब्राह्मणों) को; *आत्म-परीप्सया*—अपने को विस्तार द्वारा सुरक्षित रखने हेतु; *छन्दः-मयः*—वेदों के साक्षात् स्वरूप; *तपः-विद्या-योग-युक्तान्*—तपस्या, ज्ञान तथा योगशक्ति से पूर्ण; *अलम्पटान्*—इन्द्रियतृप्ति से विमुख।

**मनु ने उत्तर दिया: स्वयं को वैदिक ज्ञान में विस्तृत करने हेतु, वेदों के साक्षात् स्वरूप ब्रह्माजी ने अपने मुख से तुम ब्राह्मणों को उत्पन्न किया, जो तपस्या, ज्ञान तथा योगशक्ति से पूर्ण हो और इन्द्रियतृप्ति से विमुख हो।**

वेदों का प्रयोजन परम सत्य के दिव्य ज्ञान का प्रचार करना है। ब्राह्मणों को पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् के मुख से उत्पन्न किया गया, अतः उनका कर्तव्य है कि वे भगवान् की महिमा के प्रसार हेतु वेदों के ज्ञान का प्रचार करें। भगवद्गीता में भी भगवान् श्रीकृष्ण कहते हैं कि समस्त वेद पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् को समझने हेतु ही हैं। यहाँ विशेष रूप से उल्लेख किया गया है (योग-युक्तान् अलम्पटान्) कि ब्राह्मण योगशक्ति से पूर्ण होते हैं और इन्द्रियतृप्ति से पूर्णतः विमुख होते हैं। वस्तुतः दो प्रकार के व्यवसाय होते हैं। एक व्यवसाय, भौतिक जगत् में, इन्द्रियतृप्ति है, तथा दूसरा व्यवसाय आध्यात्मिक क्रिया है—भगवान् की महिमा-गान द्वारा उन्हें प्रसन्न करना। जो इन्द्रियतृप्ति में संलग्न रहते हैं उन्हें असुर कहा जाता है, और जो भगवान् की महिमा का प्रसार करते हैं अथवा भगवान् की दिव्य इन्द्रियों को तृप्त करते हैं उन्हें देवता कहा जाता है। यहाँ विशेष रूप से उल्लेख है कि ब्राह्मण विराट पुरुष अर्थात् विश्व-पुरुष के मुख से उत्पन्न किए जाते हैं; इसी प्रकार क्षत्रिय उनकी भुजाओं से उत्पन्न कहे जाते हैं, वैश्य उनकी कमर से उत्पन्न किए जाते हैं, तथा शूद्र उनके पैरों से उत्पन्न किए जाते हैं। ब्राह्मण विशेष रूप से तपस्या, विद्या तथा ज्ञान हेतु होते हैं और समस्त प्रकार की इन्द्रियतृप्ति से विमुख होते हैं।
