### SB 3.30.32

> दैवेनासादितं तस्य शमलं निरये पुमान् ।\
> भुङ्क्ते कुटुम्बपोषस्य हृतवित्त इवातुरः ॥ ३२ ॥

*daivena*—पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् की व्यवस्था से; *āsāditam*—प्राप्त; *tasya*—उसकी; *śamalam*—पापमय प्रतिक्रिया; *niraye*—नारकीय अवस्था में; *pumān*—वह मनुष्य; *bhuṅkte*—भोगता है; *kuṭumba-poṣasya*—परिवार के पालन की; *hṛta-vittaḥ*—जिसका धन नष्ट हो गया हो; *iva*—के समान; *āturaḥ*—कष्ट भोगता हुआ।

**इस प्रकार पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् की व्यवस्था से, बन्धु-बान्धवों का पालन करने वाला उस मनुष्य के समान, जिसका धन नष्ट हो गया हो, अपनी पापमय क्रियाओं के फल को भोगने हेतु नारकीय अवस्था में डाल दिया जाता है।**

यहाँ जो उदाहरण दिया गया है, वह यह है कि पापी व्यक्ति ठीक उसी मनुष्य के समान कष्ट भोगता है जिसका धन नष्ट हो गया हो। मानव-शरीर बद्धजीव को अनेकानेक जन्मों के पश्चात् प्राप्त होता है और यह अत्यन्त मूल्यवान सम्पत्ति है। इस जीवन का उपयोग मोक्ष प्राप्त करने में करने के बजाय, यदि कोई इसे केवल अपने तथाकथित परिवार के पालन के निमित्त प्रयोग करता है और इस प्रकार मूर्खतापूर्ण तथा अशास्त्रीय कार्य करता है, तो उसकी तुलना उस मनुष्य से की जाती है जिसका धन नष्ट हो गया हो और जो उसके नष्ट होने पर शोक करता है। जब धन नष्ट हो जाता है, तब शोक करने से कोई लाभ नहीं, किन्तु जब तक धन है, तब तक उसका समुचित उपयोग करके नित्य लाभ अर्जित करना चाहिए। यह तर्क किया जा सकता है कि जब कोई मनुष्य पापमय क्रियाओं से अर्जित अपना धन छोड़ता है, तब वह अपनी पापमय क्रियाओं को भी अपने धन के साथ यहीं छोड़ देता है। किन्तु यहाँ विशेष रूप से कहा गया है कि श्रेष्ठ व्यवस्था (daivenāsāditam) के कारण, यद्यपि वह मनुष्य अपने पापपूर्वक अर्जित धन को अपने पीछे छोड़ जाता है, तथापि वह उसके फल को अपने साथ ले जाता है। जब कोई मनुष्य कुछ धन चुराता है, और यदि वह पकड़ा जाता है तथा उसे लौटाने को सहमत हो जाता है, तब भी वह दण्ड से मुक्त नहीं होता। राज्य के नियम के अनुसार, यद्यपि वह धन लौटा देता है, फिर भी उसे दण्ड भोगना पड़ता है। इसी प्रकार, अपराधपूर्ण प्रक्रिया से अर्जित धन को मनुष्य मृत्यु के समय भले ही छोड़ जाए, किन्तु श्रेष्ठ व्यवस्था के कारण वह उसके फल को अपने साथ ले जाता है, और अतएव उसे नारकीय जीवन भोगना पड़ता है।
