### SB 3.32.10

> एवं परेत्य भगवन्तमनुप्रविष्टा\
> ये योगिनो जितमरुन्मनसो विरागाः ।\
> तेनैव साकममृतं पुरुषं पुराणं\
> ब्रह्म प्रधानमुपयान्त्यगताभिमानाः ॥ १० ॥

*एवम्*—इस प्रकार; *परेत्य*—बहुत दूर तक जाकर; *भगवन्तम्*—भगवान् ब्रह्मा में; *अनुप्रविष्टाः*—प्रविष्ट; *ये*—वे जो; *योगिनः*—योगी; *जित*—नियन्त्रित; *मरुत्*—श्वास; *मनसः*—मन; *विरागाः*—विरक्त; *तेन*—भगवान् ब्रह्मा के साथ; *एव*—निश्चय ही; *साकम्*—साथ-साथ; *अमृतम्*—आनन्द के मूर्तरूप को; *पुरुषम्*—पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् को; *पुराणम्*—सबसे प्राचीन; *ब्रह्म प्रधानम्*—परब्रह्म को; *उपयान्ति*—वे जाते हैं; *अगत*—न गया हुआ; *अभिमानाः*—जिनका मिथ्या अहंकार।

**जो योगी प्राणायाम के अभ्यास तथा मन के नियन्त्रण द्वारा भौतिक जगत् से विरक्त हो जाते हैं, वे ब्रह्मा के लोक तक पहुँचते हैं, जो अत्यन्त दूर है। अपने शरीरों को त्यागने के पश्चात्, वे भगवान् ब्रह्मा के शरीर में प्रवेश करते हैं, और इसीलिए जब ब्रह्मा मुक्त होकर पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् के पास जाते हैं, जो परब्रह्म हैं, तब ऐसे योगी भी ईश्वर के राज्य में प्रवेश कर सकते हैं।**

अपने योगाभ्यास को सिद्ध करके, योगी उच्चतम लोक ब्रह्मलोक, अर्थात् सत्यलोक तक पहुँच सकते हैं, और अपने भौतिक शरीरों को त्यागने के पश्चात्, वे भगवान् ब्रह्मा के शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। चूँकि वे भगवान् के प्रत्यक्ष भक्त नहीं हैं, अतः वे प्रत्यक्ष रूप से मुक्ति प्राप्त नहीं कर सकते। उन्हें तब तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है जब तक ब्रह्मा मुक्त नहीं हो जाते, और केवल तभी, ब्रह्मा के साथ, वे भी मुक्त होते हैं। यह स्पष्ट है कि जब तक कोई जीव किसी विशेष देवता का पूजक रहता है, तब तक उसकी चेतना उस देवता के विचारों में लीन रहती है, और इसीलिए वह न तो प्रत्यक्ष मुक्ति, अर्थात् ईश्वर के राज्य में प्रवेश प्राप्त कर सकता है, और न ही पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् के निर्विशेष तेज में लीन हो सकता है। ऐसे योगी अथवा देवता-पूजक पुनः सृष्टि होने पर पुनः जन्म लेने की सम्भावना के अधीन हैं।
