### SB 4.2.27

> तस्यैवं वदतः शापं श्रुत्वा द्विजकुलाय वै ।\
> भृगुः प्रत्यसृजच्छापं ब्रह्मदण्डं दुरत्ययम् ॥ २७ ॥

*तस्य*—उसके (नन्दीश्वर के); *एवम्*—इस प्रकार; *वदतः*—वचन; *शापम्*—शाप; *श्रुत्वा*—सुनकर; *द्विज-कुलाय*—ब्राह्मणों के प्रति; *वै*—वस्तुतः; *भृगुः*—भृगु; *प्रत्यसृजत्*—दिया; *शापम्*—एक शाप; *ब्रह्म-दण्डम्*—ब्राह्मण का दण्ड; *दुरत्ययम्*—अनुल्लंघनीय।

**जब नन्दीश्वर ने इस प्रकार समस्त वंशानुगत ब्राह्मणों को शाप दिया, तब इसकी प्रतिक्रिया में भृगु ऋषि ने भगवान् शिव के अनुयायियों को इस अत्यन्त कठोर ब्राह्मणीय शाप से अभिशप्त किया।**

दुरत्यय शब्द विशेष रूप से ब्रह्म-दण्ड, अर्थात् ब्राह्मण के शाप के सन्दर्भ में प्रयुक्त है। ब्राह्मण का शाप अत्यन्त प्रबल होता है; अतः इसे दुरत्यय, अर्थात् अलंघ्य, कहा जाता है। जैसा कि भगवान् भगवद्गीता में कहते हैं, प्रकृति के कठोर नियम अलंघ्य हैं; इसी प्रकार, यदि किसी ब्राह्मण द्वारा शाप उच्चारित किया जाए, तो वह शाप भी अलंघ्य होता है। किन्तु भगवद्गीता यह भी कहती है कि भौतिक जगत् के शाप अथवा वरदान, अन्ततः, भौतिक रचनाएँ हैं। चैतन्य-चरितामृत भी पुष्टि करता है कि इस भौतिक जगत् में जिसे वरदान माना जाता है और जिसे शाप माना जाता है, वे दोनों एक ही स्तर पर हैं, क्योंकि वे भौतिक हैं। इस भौतिक संदूषण से निकलने के लिए मनुष्य को पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् की शरण लेनी चाहिए, जैसा कि भगवद्गीता में अनुशंसित है : माम् एव ये प्रपद्यन्ते मायाम् एतां तरन्ति ते। सर्वोत्तम मार्ग यही है कि मनुष्य समस्त भौतिक शापों एवं वरदानों को लाँघकर परमेश्वर श्रीकृष्ण की शरण ले और दिव्य स्थिति में बना रहे। जिन व्यक्तियों ने श्रीकृष्ण की शरण ले ली है, वे सदा शान्त रहते हैं; न तो उन्हें कोई शाप देता है, और न ही वे किसी को शाप देने का प्रयास करते हैं। यही दिव्य स्थिति है।
