### SB 4.6.4

> तदाकर्ण्य विभुः प्राह तेजीयसि कृतागसि ।\
> क्षेमाय तत्र सा भूयान्न प्रायेण बुभूषताम् ॥ ४ ॥

*तत्*—देवताओं तथा अन्यों द्वारा सम्बन्धित घटनाएँ; *आकर्ण्य*—सुनने के पश्चात्; *विभुः*—भगवान् ब्रह्मा; *प्राह*—उत्तर दिया; *तेजीयसि*—महान् व्यक्तित्व का; *कृत-आगसि*—अपराध किया गया है; *क्षेमाय*—तुम्हारे सुख के लिए; *तत्र*—उस प्रकार; *सा*—वह; *भूयात् न*—हितकर नहीं है; *प्रायेण*—सामान्यतः; *बुभूषताम्*—जो रहने की इच्छा करते हैं।

**जब भगवान् ब्रह्मा ने देवताओं तथा यज्ञ में सम्मिलित सदस्यों से सब कुछ सुना, तब उन्होंने उत्तर दिया: यदि तुम किसी महान् व्यक्तित्व की निन्दा करते हो और इस प्रकार उसके चरणकमलों का अपराध करते हो, तो यज्ञ सम्पन्न करते हुए भी तुम सुखी नहीं रह सकते। उस प्रकार तुम्हें सुख प्राप्त नहीं हो सकता।**

भगवान् ब्रह्मा ने देवताओं को समझाया कि यद्यपि दक्ष सकाम यज्ञ-कर्मों के फलों का भोग करना चाहते थे, किन्तु जब कोई भगवान् शिव-जैसे महान् व्यक्तित्व का अपराध करता है, तब भोग करना सम्भव नहीं। दक्ष के लिए युद्ध में मर जाना ही अच्छा था, क्योंकि यदि वे जीवित रहते, तो महान् व्यक्तित्वों के चरणकमलों में बार-बार ऐसे अपराध करते रहते। मनु के विधान के अनुसार, जब कोई व्यक्ति हत्या करता है, तब दण्ड उसके लिए हितकर होता है, क्योंकि यदि उसका वध न किया जाए, तो वह अधिकाधिक हत्याएँ कर सकता है और इस प्रकार इतने व्यक्तियों का वध करने के कारण अपने भावी जीवनों में फँस सकता है। अतएव राजा द्वारा किसी हत्यारे को दण्ड देना उचित है। यदि अत्यधिक अपराधी जन भगवान् की कृपा से मारे जाते हैं, तो यह उनके लिए हितकर है। दूसरे शब्दों में, भगवान् ब्रह्मा ने देवताओं को समझाया कि दक्ष का मारा जाना ही उनके लिए अच्छा था।
