### SB 4.7.20

> श्यामो हिरण्यरशनोऽर्ककिरीटजुष्टो\
> नीलालकभ्रमरमण्डितकुण्डलास्यः ।\
> शङ्खाब्जचक्रशरचापगदासिचर्म-\
> व्यग्रैर्हिरण्मयभुजैरिव कर्णिकारः ॥ २० ॥

*श्यामः*—श्यामवर्ण; *हिरण्य-रशनः*—स्वर्ण जैसा वस्त्र; *अर्क-किरीट-जुष्टः*—सूर्य के समान चमकीले मुकुट से युक्त; *नील-अलक*—नीलवर्ण घुँघराले बाल; *भ्रमर*—बड़े काले भौंरे; *मण्डित-कुण्डल-आस्यः*—कुण्डलों से सुसज्जित मुख वाला; *शङ्ख*—शंख; *अब्ज*—कमल पुष्प; *चक्र*—चक्र; *शर*—बाण; *चाप*—धनुष; *गदा*—गदा; *असि*—तलवार; *चर्म*—ढाल; *व्यग्रैः*—से परिपूर्ण; *हिरण्मय*—स्वर्ण के (कंगन तथा कड़े); *भुजैः*—हाथों से; *इव*—के समान; *कर्णिकारः*—पुष्पों से युक्त वृक्ष।

**उनका वर्ण श्यामल था, उनका वस्त्र स्वर्ण के समान पीत वर्ण का था, और उनका मुकुट सूर्य के समान चमकीला था। उनके केश काली मधुमक्खियों के वर्ण के समान नीलाभ थे, और उनका मुख कुण्डलों से अलंकृत था। उनकी आठ भुजाओं में शंख, चक्र, गदा, कमल-पुष्प, बाण, धनुष, ढाल तथा तलवार सुशोभित थे, और वे कंगन एवं कड़े जैसे स्वर्णाभूषणों से अलंकृत थीं। उनका समूचा शरीर एक पुष्पित वृक्ष के समान प्रतीत हो रहा था, जो भाँति-भाँति के पुष्पों से सुन्दर रूप से सजा हुआ था।**

इस श्लोक में वर्णित भगवान् विष्णु का मुख एक ऐसे कमल-पुष्प के समान प्रतीत होता है जिस पर मधुमक्खियाँ गुंजार कर रही हों। भगवान् विष्णु के शरीर पर समस्त आभूषण तप्त स्वर्ण के हैं, जो प्रातःकालीन सूर्योदय के रक्ताभ स्वर्ण-वर्ण के हैं। भगवान् ठीक उसी प्रकार प्रकट होते हैं जैसे प्रातःकालीन सूर्य उदित होता है, ताकि वे समूची विश्व-सृष्टि की रक्षा करें। उनकी भुजाएँ भिन्न-भिन्न आयुध धारण करती हैं, और उनकी आठ भुजाएँ कमल-पुष्प की आठ पंखुड़ियों से उपमित की जाती हैं। उल्लिखित समस्त आयुध उनके भक्तों की रक्षा हेतु हैं।

सामान्यतः विष्णु की चार भुजाओं में चक्र, गदा, शंख तथा कमल-पुष्प रहते हैं। ये चारों चिह्न विष्णु की चार भुजाओं में भिन्न-भिन्न क्रमों में देखे जाते हैं। गदा एवं चक्र असुरों तथा दुष्कर्मियों को दण्ड देने के भगवान् के चिह्न हैं, और कमल-पुष्प एवं शंख भक्तों को आशीर्वाद देने हेतु प्रयुक्त होते हैं। सदा दो प्रकार के मनुष्य रहते हैं — भक्त तथा असुर। भगवद्गीता (गीता 4.8) में इसकी पुष्टि की गई है कि (परित्राणाय साधूनाम्) भगवान् सदा भक्तों की रक्षा तथा असुरों के संहार हेतु तत्पर रहते हैं। इस भौतिक जगत् में असुर एवं भक्त हैं, किन्तु आध्यात्मिक जगत् में ऐसा कोई भेद नहीं है। दूसरे शब्दों में, भगवान् विष्णु भौतिक एवं आध्यात्मिक दोनों ही जगतों के स्वामी हैं। भौतिक जगत् में प्रायः प्रत्येक व्यक्ति आसुरी स्वभाव का है, किन्तु यहाँ भक्त भी हैं, जो भौतिक जगत् में प्रतीत होते हैं यद्यपि वे सदा आध्यात्मिक जगत् में स्थित रहते हैं। भक्त की स्थिति सदा दिव्य रहती है, और वह सदा भगवान् विष्णु द्वारा संरक्षित रहता है।
