### SB 4.7.36

> यजमान्युवाच\
> स्वागतं ते प्रसीदेश तुभ्यं नमः\
> श्रीनिवास श्रिया कान्तया त्राहि नः ।\
> त्वामृतेऽधीश नाङ्गैर्मखः शोभते\
> शीर्षहीनः कबन्धो यथा पुरुषः ॥ ३६ ॥

*yajamānī*—दक्ष की पत्नी; *uvāca*—प्रार्थना की; *su-āgatam*—मंगलमय आगमन; *te*—आपका; *prasīda*—प्रसन्न हों; *īśa*—हे प्रभु; *tubhyam*—आपको; *namaḥ*—सादर नमस्कार; *śrīnivāsa*—हे भाग्य की देवी के धाम; *śriyā*—लक्ष्मी के साथ; *kāntayā*—आपकी पत्नी; *trāhi*—रक्षा करें; *naḥ*—हमारी; *tvām*—आप; *ṛte*—बिना; *adhīśa*—हे परम नियन्ता; *na*—नहीं; *aṅgaiḥ*—शारीरिक अंगों से; *makhaḥ*—यज्ञस्थल; *śobhate*—सुन्दर है; *śīrṣa-hīnaḥ*—सिर के बिना; *ka-bandhaḥ*—केवल शरीर वाला; *yathā*—जैसे; *puruṣaḥ*—व्यक्ति।

**दक्ष की पत्नी ने इस प्रकार प्रार्थना की: हे प्रभु, यह अत्यन्त सौभाग्य की बात है कि आप इस यज्ञस्थल में पधारे हैं। मैं आपको अपना सादर नमस्कार अर्पित करती हूँ, और मैं प्रार्थना करती हूँ कि आप इस अवसर पर प्रसन्न हों। आपके बिना यह यज्ञस्थल सुन्दर नहीं है, ठीक जैसे सिर के बिना शरीर सुन्दर नहीं होता।**

भगवान् विष्णु का एक अन्य नाम यज्ञेश्वर है। भगवद्गीता में कहा गया है कि समस्त क्रियाएँ विष्णु-यज्ञ के रूप में, भगवान् विष्णु की प्रसन्नता हेतु सम्पन्न की जानी चाहिए। जब तक हम उन्हें प्रसन्न नहीं करते, तब तक हम जो कुछ भी करते हैं वह भौतिक जगत् में हमारे बन्धन का कारण है। यहाँ दक्ष की पत्नी द्वारा इसकी पुष्टि की गई है: "आपकी उपस्थिति के बिना इस यज्ञानुष्ठान का वैभव निरर्थक है, ठीक जैसे बिना मस्तक का शरीर, चाहे वह कितना भी अलंकृत हो, निरर्थक है।" यह उपमा सामाजिक देह पर भी समान रूप से लागू होती है। भौतिक सभ्यता उन्नत होने का अत्यधिक गर्व करती है, किन्तु वस्तुतः वह बिना मस्तक के शरीर का निरर्थक धड़ मात्र है। कृष्णभावना के बिना, पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् विष्णु की समझ के बिना, किसी भी सभ्यता में कोई भी उन्नति, चाहे वह कितनी भी परिष्कृत हो, निरर्थक है। श्रीमद्भागवत में एक कथन है: भगवद्-भक्ति-हीनस्य जातिः शास्त्रं जपस् तपः अप्राणस्यैव देहस्य मण्डनं लोक-रञ्जनम्। तात्पर्य यह है कि कभी-कभी जब किसी मित्र अथवा सम्बन्धी की मृत्यु हो जाती है, विशेषतः निम्न श्रेणी के मनुष्यों में, तब मृत शरीर को अलंकृत किया जाता है। वस्त्र एवं आभूषण पहनाकर उस शरीर को शोभायात्रा में ले जाया जाता है। मृत शरीर के उस प्रकार के अलंकरण का कोई वास्तविक मूल्य नहीं है, क्योंकि जीवन-शक्ति तो पहले ही जा चुकी है। इसी प्रकार, कृष्णभावना के बिना किसी भी प्रकार का अभिजात्य, कोई भी सामाजिक प्रतिष्ठा अथवा भौतिक सभ्यता की कोई भी उन्नति मृत शरीर के अलंकरण के समान ही है। दक्ष की पत्नी का नाम प्रसूति था, और वे स्वायम्भुव मनु की पुत्री थीं। उनकी बहन देवहूति का विवाह कर्दम मुनि से हुआ था, और पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् कपिलदेव उनके पुत्र बने। अतएव प्रसूति भगवान् विष्णु की मौसी थीं। वे भगवान् विष्णु से एक स्नेहमय भाव से कृपा की याचना कर रही थीं; चूँकि वे उनकी मौसी थीं, अतः उन्होंने कोई विशेष कृपा चाही। इस श्लोक में यह भी सार्थक है कि भगवान् की स्तुति लक्ष्मीदेवी सहित की गई है। जहाँ कहीं भी भगवान् विष्णु की आराधना होती है, वहाँ स्वभावतः लक्ष्मीदेवी की कृपा रहती है। भगवान् विष्णु को अमृत, अर्थात् दिव्य, कहकर सम्बोधित किया गया है। ब्रह्मा एवं भगवान् शिव सहित समस्त देवता सृष्टि के पश्चात् उत्पन्न हुए, किन्तु भगवान् विष्णु सृष्टि के पूर्व ही विद्यमान थे। अतएव उन्हें अमृत कहकर सम्बोधित किया गया है। वैष्णवजन भगवान् विष्णु की आराधना उनकी अन्तरंगा शक्ति सहित करते हैं। दक्ष की पत्नी प्रसूति ने भगवान् से याचना की कि वे पुजारियों को केवल कुछ भौतिक लाभों हेतु यज्ञ सम्पन्न करने वाले सकाम कर्मियों के स्थान पर वैष्णवों में परिणत कर दें।
