### SB 4.29.2

> नारद उवाच\
> पुरुषं पुरञ्जनं विद्याद्यद् व्यनक्त्यात्मनः पुरम् ।\
> एकद्वित्रिचतुष्पादं बहुपादमपादकम् ॥ २ ॥

*नारदः उवाच*—नारद ने कहा; *पुरुषम्*—जीव, भोक्ता; *पुरञ्जनम्*—राजा पुरञ्जन; *विद्यात्*—जानना चाहिए; *यत्*—क्योंकि; *व्यनक्ति*—वह उत्पन्न करता है; *आत्मनः*—अपना; *पुरम्*—निवास-स्थान; *एक*—एक; *द्वि*—दो; *त्रि*—तीन; *चतुः-पादम्*—चार पैरों वाला; *बहु-पादम्*—अनेक पैरों वाला; *अपादकम्*—बिना पैरों वाला।

**महर्षि नारद मुनि ने आगे कहा: तुम्हें यह समझना चाहिए कि जीव पुरञ्जन अपने कर्म के अनुसार विभिन्न प्रकार के शरीरों में देहान्तरण करता है, जो एक पैर वाले, दो पैर वाले, तीन पैर वाले, चार पैर वाले, अनेक पैर वाले अथवा बिना पैर वाले हो सकते हैं। इन विभिन्न प्रकार के शरीरों में देहान्तरण करता हुआ जीव तथाकथित भोक्ता के रूप में पुरञ्जन कहलाता है।**

आत्मा किस प्रकार एक प्रकार के शरीर से दूसरे प्रकार के शरीर में देहान्तरण करती है, इसका यहाँ उत्तम रीति से वर्णन किया गया है। एक-पाद, अर्थात् एक पैर वाला, शब्द प्रेतों को निर्दिष्ट करता है, क्योंकि कहा जाता है कि प्रेत एक पैर पर चलते हैं। द्वि-पाद, अर्थात् दो पैर वाला, शब्द मनुष्यों को निर्दिष्ट करता है। जब मनुष्य वृद्ध तथा अशक्त होता है, तब उसे त्रिपाद, अर्थात् तीन पैर वाला, माना जाता है, क्योंकि वह किसी छड़ी अथवा किसी प्रकार के डंडे की सहायता से चलता है। निस्सन्देह चतुष्-पाद शब्द चौपायों, अर्थात् पशुओं, को निर्दिष्ट करता है। बहु-पाद शब्द उन प्राणियों को निर्दिष्ट करता है, जिनके चार से अधिक पैर होते हैं। अनेक कीट हैं, जैसे कनखजूरा, और ऐसे अनेक जलचर प्राणी भी हैं, जिनके अनेक पैर होते हैं। अपादक, अर्थात् बिना पैर वाला, शब्द सर्पों को निर्दिष्ट करता है। पुरञ्जन नाम उस व्यक्ति को इंगित करता है, जो विभिन्न प्रकार के शरीरों को धारण करने का आनन्द भोगता है। भौतिक जगत् में भोग की उसकी मनोवृत्ति विभिन्न प्रकार के शरीरों द्वारा पूरी की जाती है।

वस्तुतः समस्त भौतिक अस्तित्व केवल एक स्वप्न है। अतः भूत, वर्तमान अथवा भविष्य का कोई प्रश्न ही नहीं है। जो व्यक्ति कर्म-काण्ड-विचार में आसक्त हैं, जिसका अर्थ है "सकाम कर्मों द्वारा भविष्य के सुख के लिए कार्य करना", वे भी स्वप्न देख रहे हैं। इसी प्रकार अतीत का सुख तथा वर्तमान का सुख भी मात्र स्वप्न हैं। वास्तविक यथार्थ कृष्ण तथा कृष्ण की सेवा है, जो हमें माया के चंगुल से बचा सकती है, क्योंकि भगवान् भगवद्गीता (गीता 7.14) में कहते हैं, माम् एव ये प्रपद्यन्ते मायाम् एतां तरन्ति ते: "जो मेरी शरण ग्रहण करते हैं, वे सरलता से मेरी भ्रामक शक्ति को पार कर जाते हैं।"

इस प्रकार श्रीमद्भागवत के चतुर्थ स्कन्ध के उनतीसवें अध्याय, जिसका शीर्षक है "नारद तथा राजा प्राचीनबर्हि के मध्य वार्तालाप", के भक्तिवेदान्त तात्पर्य समाप्त होते हैं।
