### SB 4.30.3

> मैत्रेय उवाच\
> प्रचेतसोऽन्तरुदधौ पितुरादेशकारिणः ।\
> जपयज्ञेन तपसा पुरञ्जनमतोषयन् ॥ ३ ॥

*मैत्रेयः उवाच*—मैत्रेय ने कहा; *प्रचेतसः*—प्रचेतागण; *अन्तः*—भीतर; *उदधौ*—समुद्र; *पितुः*—अपने पिता के; *आदेश-कारिणः*—आदेश का पालन करने वाले; *जप-यज्ञेन*—मन्त्रों के जप द्वारा; *तपसा*—कठोर तपस्याओं के अन्तर्गत; *पुरम्-जनम्*—भगवान् को; *अतोषयन्*—प्रसन्न किया।

**महान् ऋषि मैत्रेय ने कहा: राजा प्राचीनबर्हि के पुत्रों ने, जो प्रचेता कहलाते हैं, अपने पिता के आदेश का पालन करने के लिए समुद्र के जल के भीतर कठोर तपस्या की। भगवान् शिव द्वारा दिए गए मन्त्रों का जप तथा बारम्बार उच्चारण करके वे भगवान् विष्णु को प्रसन्न करने में समर्थ हुए।**

मनुष्य पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् को प्रत्यक्षतः प्रार्थनाएँ अर्पित कर सकता है, किन्तु यदि कोई भगवान् शिव और भगवान् ब्रह्मा जैसे महान् भक्तों द्वारा अर्पित प्रार्थनाओं को दोहराए, अथवा यदि कोई महान् पुरुषों के पदचिह्नों का अनुसरण करे, तो वह पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् को अत्यन्त सरलता से प्रसन्न कर सकता है। उदाहरणार्थ, हम कभी-कभी ब्रह्म-संहिता के इस मन्त्र का गायन करते हैं :

चिन्तामणिप्रकरसद्मसु कल्पवृक्ष- लक्षावृतेषु सुरभीरभिपालयन्तम् लक्ष्मीसहस्रशतसम्भ्रमसेव्यमानं गोविन्दमादिपुरुषं तमहं भजामि

"मैं उन आदि पुरुष गोविन्द की आराधना करता हूँ, जो प्रथम जनक हैं, जो आध्यात्मिक मणियों से निर्मित और लाखों कल्पवृक्षों से घिरे धामों में, समस्त इच्छाओं को पूर्ण करने वाली सुरभि गौओं को चराते हैं। सहस्रों-लाखों लक्ष्मियों अथवा गोपियों द्वारा महान् श्रद्धा और प्रेम से उनकी सदा सेवा की जाती है।" (ब्र.सं. 5.29) चूँकि यह प्रार्थना भगवान् ब्रह्मा द्वारा अर्पित की गई थी, अतः हम इस प्रार्थना का पाठ करके उनका अनुसरण करते हैं। पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् को तुष्ट करने का यही सबसे सरल उपाय है। शुद्ध भक्त कभी परमेश्वर तक प्रत्यक्षतः पहुँचने का प्रयत्न नहीं करता। भगवान् की आराधना का सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण उपाय भक्तों की गुरु-परम्परा के माध्यम से जाना है। इस प्रकार भगवान् शिव द्वारा पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् को अर्पित प्रार्थनाओं को प्रचेताओं ने दोहराया, और इस प्रकार वे परमेश्वर को प्रसन्न करने में अत्यन्त सफल रहे।

यहाँ पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् को पुरञ्जन के रूप में वर्णित किया गया है। मध्वाचार्य के अनुसार, जीव पुरञ्जन कहलाता है, क्योंकि वह इस भौतिक जगत् का निवासी बन गया है, और प्रकृति के तीनों गुणों के प्रभाव से वह इसके भीतर रहने के लिए विवश है। पूर्ण पुरुषोत्तम भगवान् इस भौतिक जगत् (पुर) की रचना करते हैं, और वे इसके भीतर प्रवेश भी करते हैं। अण्डान्तरस्थपरमाणुचयान्तरस्थम्। भगवान् जीव के हृदय के भीतर और अणु के भीतर प्रवेश करते हैं; अतः जीव और भगवान् — दोनों ही पुरञ्जन कहलाते हैं। एक पुरञ्जन, अर्थात् जीव, परम पुरञ्जन के अधीन है; अतः अधीन पुरञ्जन का कर्तव्य परम पुरञ्जन को तुष्ट करना है। यही भक्ति है। भगवान् रुद्र, अर्थात् भगवान् शिव, रुद्र-सम्प्रदाय नामक वैष्णव सम्प्रदाय के आदि आचार्य हैं। रुद्र-गीतेन यह इंगित करता है कि भगवान् रुद्र की गुरु-परम्परा के अन्तर्गत प्रचेताओं ने आध्यात्मिक सफलता प्राप्त की।
