### SB 4.30.32

> पारिजातेऽञ्जसा लब्धे सारङ्गोऽन्यन्न सेवते ।\
> त्वदङ्घ्रिमूलमासाद्य साक्षात्किं किं वृणीमहि ॥ ३२ ॥

*पारिजाते*—पारिजात नामक स्वर्गिक वृक्ष; *अञ्जसा*—पूर्णतया; *लब्धे*—प्राप्त कर लेने पर; *सारङ्गः*—एक भौंरा; *अन्यत्*—अन्य; *न सेवते*—का आश्रय नहीं लेता; *त्वत्-अङ्घ्रि*—आपके चरणकमल; *मूलम्*—समस्त वस्तुओं का मूल; *आसाद्य*—पहुँच कर; *साक्षात्*—प्रत्यक्ष रूप से; *किम्*—क्या; *किम्*—क्या; *वृणीमहि*—हम माँगें।

**हे प्रभु, जब भौंरा पारिजात नामक स्वर्गिक वृक्ष के पास पहुँचता है, तो वह निश्चय ही उस वृक्ष को नहीं छोड़ता, क्योंकि ऐसा करने की कोई आवश्यकता नहीं होती। इसी प्रकार, जब हम आपके चरणकमलों के पास पहुँच कर उनकी शरण ले चुके हैं, तो हम आपसे और कौन-सा वरदान माँगें?**

जब भक्त वास्तव में भगवान् के चरणकमलों की सेवा में संलग्न होता है, तब उसकी संलग्नता स्वयं में इतनी पूर्ण होती है कि किसी अन्य वरदान की याचना करने की आवश्यकता नहीं रहती। जब कोई भौंरा पारिजात वृक्ष के समीप जाता है, तब उसे असीम मधु की आपूर्ति प्राप्त होती है। किसी अन्य वृक्ष के पास जाने की आवश्यकता नहीं रहती। यदि कोई भगवान् के चरणकमलों की सेवा में स्थिर हो, तो असीम दिव्य आनन्द प्राप्त होता है, और इस कारण किसी अन्य वरदान की याचना करने की आवश्यकता नहीं रहती। पारिजात वृक्ष इस भौतिक जगत् में सामान्यतः नहीं पाया जाता। पारिजात वृक्ष को कल्पवृक्ष, अर्थात् इच्छापूर्ति-वृक्ष भी कहते हैं। मनुष्य ऐसे वृक्ष से जो भी चाहे, वही प्राप्त कर सकता है। भौतिक जगत् में मनुष्य सन्तरे के वृक्ष से सन्तरे और आम के वृक्ष से आम प्राप्त कर सकता है, किन्तु आम के वृक्ष से सन्तरे अथवा सन्तरे के वृक्ष से आम प्राप्त करने की कोई सम्भावना नहीं है। किन्तु पारिजात वृक्ष से मनुष्य जो भी चाहे, वही प्राप्त कर सकता है — सन्तरे, आम, केले इत्यादि। यह वृक्ष आध्यात्मिक जगत् में पाया जाता है। चिन्तामणिप्रकरसद्मसु कल्पवृक्षलक्षावृतेषु। आध्यात्मिक जगत्, अर्थात् चिन्तामणि-धाम, इन कल्पवृक्षों से घिरा हुआ है, किन्तु पारिजात वृक्ष इन्द्र के राज्य में, अर्थात् इन्द्र के स्वर्गलोक में भी पाया जाता है। यह पारिजात वृक्ष श्रीकृष्ण द्वारा अपनी एक रानी सत्यभामा को प्रसन्न करने के लिए लाया गया था, और यह वृक्ष रानियों के लिए निर्मित द्वारका के भवनों में रोपा गया था। भगवान् के चरणकमल ठीक पारिजात वृक्षों, अर्थात् इच्छापूर्ति-वृक्षों के समान हैं, और भक्तगण भौंरों के समान हैं। वे सदा भगवान् के चरणकमलों से आकृष्ट रहते हैं।
