### SB 5.1.26

> एतेषां कविर्महावीरः सवन इति त्रय आसन्नूर्ध्वरेतसस्त आत्मविद्यायामर्भभावादारभ्य कृतपरिचयाः पारमहंस्यमेवाश्रममभजन् ॥ २६ ॥

*eteṣām*—इनमें से; *kaviḥ*—कवि; *mahāvīraḥ*—महावीर; *savanaḥ*—सवन; *iti*—इस प्रकार; *trayaḥ*—तीन; *āsan*—थे; *ūrdhva-retasaḥ*—पूर्ण ब्रह्मचारी; *te*—वे; *ātma-vidyāyām*—दिव्य ज्ञान में; *arbha-bhāvāt*—बाल्यकाल से; *ārabhya*—आरम्भ करके; *kṛta-paricayāḥ*—अत्यन्त निष्णात; *pāramahaṁsyam*—मानव जीवन की उच्चतम आध्यात्मिक सिद्धि के; *eva*—निश्चय ही; *āśramam*—आश्रम का; *abhajan*—पालन किया।

**इन दस में से तीन—अर्थात् कवि, महावीर तथा सवन—पूर्ण ब्रह्मचर्य में रहे। इस प्रकार बाल्यकाल के आरम्भ से ही ब्रह्मचारी जीवन में प्रशिक्षित होकर, वे परमहंस-आश्रम नामक उच्चतम सिद्धि से भली-भाँति परिचित थे।**

इस श्लोक में ūrdhva-retasaḥ शब्द अत्यन्त महत्त्वपूर्ण है। Ūrdhva-retaḥ उस व्यक्ति को इंगित करता है जो यौन जीवन पर नियन्त्रण रख सकता है और जो वीर्य को स्खलित करके व्यर्थ करने के बजाय शरीर में संचित इस सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण पदार्थ का उपयोग मस्तिष्क को पुष्ट करने के लिए कर सकता है। जो यौन जीवन पर पूर्णतया नियन्त्रण रख सकता है, वह अपने मस्तिष्क से अद्भुत कार्य करने में, विशेषतया स्मरण करने में, समर्थ होता है। इस प्रकार जो विद्यार्थी अपने गुरु से वैदिक उपदेश केवल एक बार सुन लेते थे, वे उन्हें बिना पुस्तकें पढ़े शब्दशः स्मरण रख सकते थे, अतएव पूर्वकाल में पुस्तकें नहीं होती थीं।

एक अन्य महत्त्वपूर्ण शब्द है arbha-bhāvāt, जिसका अर्थ है "बाल्यकाल से ही।" इसका एक अन्य अर्थ है "बालकों के प्रति अत्यन्त स्नेही होने से।" दूसरे शब्दों में, परमहंस जीवन दूसरों के कल्याण के लिए समर्पित होता है। जिस प्रकार पिता अपने पुत्र के प्रति स्नेह के कारण अनेक वस्तुओं का त्याग करता है, उसी प्रकार महान् सन्त पुरुष मानव समाज के कल्याण के लिए सभी प्रकार के शारीरिक सुखों का त्याग करते हैं। इस सम्बन्ध में छह गोस्वामियों के विषय में एक श्लोक है:

*tyaktvā tūrṇam aśeṣa*-maṇḍala-pati-śreṇīṁ sadā tucchavat

*bhūtvā dīna*-gaṇeśakau karuṇayā kaupīna-kanthāśritau

दीन पतित आत्माओं के प्रति अपनी करुणा के कारण छह गोस्वामियों ने मन्त्री के अपने उच्च पदों का त्याग कर दिया और भिक्षुओं के रूप में व्रत लिये। इस प्रकार अपनी शारीरिक आवश्यकताओं को यथासम्भव न्यूनतम करते हुए, उनमें से प्रत्येक ने केवल एक लंगोटी तथा एक भिक्षापात्र स्वीकार किया। इस प्रकार वे विभिन्न वैष्णव साहित्य का संकलन तथा प्रकाशन करके श्रीचैतन्य महाप्रभु के आदेशों का पालन करने के लिए वृन्दावन में रहे।
