### SB 6.2.17

> तैस्तान्यघानि पूयन्ते तपोदानव्रतादिभिः ।\
> नाधर्मजं तद्धृदयं तदपीशाङ्घ्रिसेवया ॥ १७ ॥

*तैः*—उनके द्वारा; *तानि*—वे सब; *अघानि*—पापमय कार्य एवं उनके फल; *पूयन्ते*—नष्ट हो जाते हैं; *तपः*—तपस्या; *दान*—दान; *व्रत-आदिभिः*—व्रतों एवं ऐसे अन्य कार्यों द्वारा; *न*—नहीं; *अधर्म-जम्*—अधार्मिक कार्यों से उत्पन्न; *तत्*—उस; *हृदयम्*—हृदय; *तत्*—वह; *अपि*—भी; *ईश-अङ्घ्रि*—भगवान् के चरणकमलों की; *सेवया*—सेवा द्वारा।

**यद्यपि कोई तपस्या, दान, व्रत एवं ऐसी अन्य विधियों के द्वारा पापमय जीवन के फलों को निष्प्रभावित कर सकता है, फिर भी ये पुण्यमय कार्य किसी के हृदय में स्थित भौतिक इच्छाओं को जड़ से उखाड़ नहीं सकते। किन्तु यदि कोई भगवान् के चरणकमलों की सेवा करता है, तो वह तुरन्त ऐसी समस्त मलिनताओं से मुक्त हो जाता है।**

जैसा कि श्रीमद्भागवत (११.२.४२) में कहा गया है, भक्तिः परेशानुभवो विरक्तिरन्यत्र च: भक्ति इतनी शक्तिशाली है कि जो भक्ति करता है वह तुरन्त समस्त पापमय इच्छाओं से मुक्त हो जाता है। इस भौतिक जगत् के भीतर समस्त इच्छाएँ पापमय हैं, क्योंकि भौतिक इच्छा का अर्थ है इन्द्रियतृप्ति, जिसमें सदैव कमोबेश पापमय कार्य निहित रहता है। किन्तु शुद्ध भक्ति अन्याभिलाषिता-शून्य है; दूसरे शब्दों में, यह भौतिक इच्छाओं से मुक्त है, जो कर्म एवं ज्ञान से उत्पन्न होती हैं। जो भक्ति में स्थित है उसमें भौतिक इच्छाएँ नहीं रहतीं, और अतः वह पापमय जीवन से परे है। भौतिक इच्छाओं को पूर्णतया रोक देना चाहिए। अन्यथा, यद्यपि किसी की तपस्याएँ, प्रायश्चित्त एवं दान कुछ समय के लिए किसी को पाप से मुक्त कर सकते हैं, फिर भी उसकी इच्छाएँ पुनः प्रकट हो जायेंगी क्योंकि उसका हृदय अशुद्ध है। इस प्रकार वह पापमय रीति से कार्य करेगा और कष्ट भोगेगा।
