### SB 6.3.4

> यमदूता ऊचुः\
> कति सन्तीह शास्तारो जीवलोकस्य वै प्रभो ।\
> त्रैविध्यं कुर्वतः कर्म फलाभिव्यक्तिहेतवः ॥ ४ ॥

*यमदूताः ऊचुः*—यमराज के आज्ञापालकों ने कहा; *कति*—कितने; *सन्ति*—हैं; *इह*—इस संसार में; *शास्तारः*—नियन्ता अथवा शासक; *जीव-लोकस्य*—इस भौतिक जगत् के; *वै*—निस्सन्देह; *प्रभो*—हे स्वामी; *त्रै-विध्यम्*—प्रकृति के तीन गुणों के अधीन; *कुर्वतः*—किए जाने वाले; *कर्म*—कर्म; *फल*—फलों के; *अभिव्यक्ति*—प्रकटीकरण के; *हेतवः*—कारण।

**यमदूतों ने कहा: हे प्रिय स्वामी, इस भौतिक जगत् में कितने नियन्ता अथवा शासक हैं? प्रकृति के तीन गुणों [सत्त्व-गुण, रजो-गुण तथा तमो-गुण] के अधीन किए गए कर्मों के विविध फलों के प्रकटीकरण के लिए कितने कारण उत्तरदायी हैं?**

श्रील विश्वनाथ चक्रवर्ती ठाकुर कहते हैं कि यमदूत, यमराज के आज्ञापालक, इतने अधिक निराश थे कि उन्होंने अपने स्वामी से, लगभग अत्यन्त क्रोध में, यह पूछा कि क्या उनके अतिरिक्त और भी अनेक स्वामी हैं। इसके अतिरिक्त, चूँकि यमदूत पराजित हो गए थे और उनके स्वामी उनकी रक्षा नहीं कर सके, अतः वे यह कहने के लिए प्रवृत्त हुए कि ऐसे स्वामी की सेवा करने की कोई आवश्यकता नहीं है। यदि कोई सेवक पराजित हुए बिना अपने स्वामी की आज्ञाओं का पालन न कर सके, तो ऐसे शक्तिहीन स्वामी की सेवा करने से क्या लाभ?
